राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 26)
नानी की तेरहवीं के बाद घर में एक अजीब-सी खामोशी छा गई थी। रस्मों-रिवाज पूरे हो चुके थे पर मन अभी भी उस खाली जगह पर अटका हुआ था जहाँ नानी बैठती/ काम करती थीं। राजन ने कुछ दिनों तक घर वालों को संभाला, फिर सागर और सज्जो से बात करके भोपाल लौटने का फैसला कर लिया। अब और देर करना मुनासिब नहीं था। बैंक की नौकरी, परीक्षाओं की तैयारी और अश्मी की परवरिश सब कुछ एक साथ चलना था।
भोपाल पहुँचकर सबसे पहले उन्होंने पेइंग- गेस्ट का छोटा-सा कमरा छोड़कर एक नया आवास किराए से लिया। मासूम अश्मी दौड़ती-भागती तो कमरा और भी छोटा लगने लगता। सज्जो चुपचाप काम करती रहती, पर उसकी आँखों में थकान साफ़ दिखती। राजन ने फैसला कर लिया अब परिवार के हिसाब से जगह चाहिए।
जवाहर चौक का ई डब्लू एस छोटा जरूर था, लेकिन साफ़-सुथरा और किराए के हिसाब से ठीक। बैंक, बाजार और अस्पताल सब पैदल दूरी पर थे। सुबह-सुबह बाजार से सब्जी ले आना, शाम को अश्मी को घुमाना, या जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुँचना सब आसान हो गया। फ्लैट में पहली रात जब सबने साथ बैठकर खाना खाया, तो लगा कि अब जीवन में थोड़ी स्थिरता आ गई है।
राजन की दिनचर्या फिर से कठोर हो गई। सुबह जल्दी उठकर तैयारी, फिर बैंक, शाम को वापस आकर किताबें खोलना। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कभी रुकी नहीं। संघ/ राज्य सेवा एक के बाद एक फॉर्म भरते, किताबें पलटते। पर एक पगार पर घर चलाना आसान नहीं था। अपना बच्चा, सागर का घर, किराया, राशन, दवाइयाँ—सब कुछ उसी तनख्वाह से निकलना था। जितना संभालने की कोशिश करते, उतना ही लगता कि कोई छेद और बड़ा हो गया है। कभी बिजली का बिल बढ़ जाता, कभी अश्मी की कोई ज़रूरत आ जाती,आर्थिक तंगी धीरे-धीरे घर के कोनों में बैठ गई थी।
रिश्तेदार अक्सर अपने काम से आते, कोई दो-चार दिन ठहर जाता, कोई सिर्फ़ अपना उल्लू करने पर ज्यादातर अपने स्वार्थ से ही आते। कोई नौकरी की सिफ़ारिश माँगता, कोई पैसे की बात छेड़ देता, कोई सिर्फ़ खाने-पीने का इंतजार करता। राजन और सज्जो दोनों समझते थे, पर कुछ कहते नहीं। घर में पहले से ही तनाव था; और बढ़ाने का मन नहीं होता था।
इसी बीच राजन ने बैंक से छोटा लोन लिया और स्कूटर खरीद लिया। जब स्कूटर घर के सामने आकर रुका, तो सबकी आँखों में चमक आ गई। अश्मी खुशी से उछल पड़ी। सज्जो ने मुस्कुराते हुए कहा, “अब थोड़ी आसानी हो जाएगी।” राजन ने हैंडल पकड़कर एक बार घुमाया। पहली बार लगा कि किसी चीज़ का मालिक बना है। स्कूटर ने घर में एक छोटी-सी खुशी की लहर ला दी। अब बाज़ार जाना, अश्मी को कहीं ले जाना, या ज़रूरत पड़ने पर कहीं पहुँचना आसान हो गया था।
अश्मी चार साल की हो रही थी। खेलने-कूदने की उम्र राजन और सज्जो दोनों चाहते थे कि उसकी पढ़ाई अच्छी हो। आसपास के एक अंग्रेजी मीडियम स्कूल में एलकेजी का एडमिशन हो गया। पहली बार स्कूल यूनिफॉर्म पहनी तो अश्मी आईने के सामने खड़ी होकर मुस्कुराई। सज्जो रोज़ सुबह उसे तैयार करके पैदल स्कूल छोड़ने जाती। गर्मी हो या हल्की बारिश, वह चुपचाप हाथ पकड़कर चलती। स्कूल गेट पर पहुँचकर अश्मी को अंदर भेजती, फिर खुद लौट आती। कभी-कभी रास्ते में कोई सब्जी सस्ती मिल जाए तो ले आती। छोटे-छोटे कामों में भी घर चलाने की कोशिश जारी रहती।
रविवार को, जिसे लोग फंडे कहते हैं, राजन कभी-कभी बैंक के दोस्तों के साथ केरवा डैम चला जाता। सुबह जल्दी स्कूटर निकालता, दो-चार मित्र मिलते, और शहर से थोड़ी दूर निकल जाते। डैम के किनारे बैठकर चाय पीना, हल्की-फुल्की बातें करना, पानी को देखते रहना, इन छोटी-छोटी चीजों में मन हल्का हो जाता। कभी-कभी कोई परीक्षा का रिजल्ट आने वाला होता, तो बातचीत में वही घूमती रहती। पर कुछ देर के लिए तनाव कम हो जाता।
धीरे-धीरे जीवन में खुशियाँ आने लगी थीं। बड़ी खुशियाँ नहीं, छोटी-छोटी। स्कूटर की आवाज़, अश्मी का स्कूल बैग, सज्जो का थका हुआ पर संतुष्ट चेहरा, रविवार की हल्की सैर आर्थिक परेशानियाँ अभी भी थीं, परीक्षाएँ अभी भी बाक़ी थीं, पर घर में अब थोड़ी रोशनी आने लगी थी। राजन रात को किताबें बंद करके जब अश्मी को सोता देखता, तो लगता कि शायद सब सही दिशा में, धीरे-धीरे, लेकिन जा रहा है।
(शेष भाग कल)





