संजय सोंधी (संयुक्त निदेशक) शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
शत-प्रतिशत जीवन ऊर्जा और सदिच्छा का प्रतीक
दक्षिण अमेरिकी देश पेरू के हुआनकायो प्रांत में रहने वाली 111 वर्षीय एंटोनिया क्रूज रोजास आज पूरी दुनिया के लिए अदम्य जीवन शक्ति, शारीरिक दृढ़ता और सकारात्मकता की एक जीवंत मिसाल बन चुकी हैं। एक सदी से अधिक का सफर तय करने के बावजूद उनमें पाई जाने वाली गजब की स्फूर्ति यह साबित करती है कि उम्र केवल एक संख्या मात्र है, बशर्ते इंसान का आंतरिक और मानसिक स्वास्थ्य मजबूत हो। एंटोनिया की यह असाधारण लंबी उम्र और हष्ट-पुष्ट शारीरिक स्थिति केवल संयोग नहीं है, बल्कि यह उनकी जीवनशैली, पारंपरिक आहार और उस वैचारिक दृढ़ता का परिणाम है जिसे उन्होंने जीवनभर संजोए रखा।
अपनी इस अद्भुत जीवन यात्रा के संदर्भ में एंटोनिया का मानना है कि उन्होंने अपने जीवन में जो परोपकार किए हैं और जो पुण्य कमाए हैं, वही उनकी इस लंबी आयु का सबसे बड़ा संबल बने हैं। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि आंतरिक संतोष, दूसरों के प्रति सद्भावना और सात्विक सोच किस प्रकार मनुष्य की जैविक क्षमताओं को विस्तार दे सकती है। वह किसी कृत्रिम जीवनशैली या जटिल तौर-तरीकों में विश्वास नहीं रखतीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ी सरल जीवनशैली को ही अपनी सेहत का राज मानती हैं। उनकी यह सोच समाज के लिए एक बड़ा संदेश है कि भौतिक चकाचौंध से दूर रहकर मानसिक शांति और नैतिक मूल्यों के साथ जीना ही दीर्घायु का मार्ग है।
शारीरिक स्वास्थ्य और पोषण के मामले में एंटोनिया का खान-पान पूरी तरह से पारंपरिक एंडियन संस्कृति और प्राकृतिकता पर आधारित है। वह पैकेटबंद या अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों से कोसों दूर रहती हैं और अपने दैनिक भोजन में स्थानीय रूप से उपजाए गए शुद्ध पोषक तत्वों को प्राथमिकता देती हैं। उनके आहार में क्विनोआ, जौ, अमरंथ (रामदाना), कैनिहुआ और विभिन्न कद्दू-वर्गीय सब्जियों के अलावा गेहूं के दानों से बना पारंपरिक ‘सोपा दे मोरोन’ सूप, मटर का गाढ़ा सूप, ‘चुपे दे कालाबाजा’ कद्दू की स्टू और कंद-मूल से तैयार ‘चुपे दे ओलुको’ जैसे पौष्टिक व्यंजन शामिल होते हैं। यह पारंपरिक आहार न केवल उनकी पाचन शक्ति को मजबूत रखता है, बल्कि उन्हें 111 वर्ष की उम्र में भी शारीरिक रूप से सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
इसके अतिरिक्त, एंटोनिया अपनी दिनचर्या में अत्यधिक सक्रिय रहती हैं और अपने रोजमर्रा के छोटे-मोटे कार्यों को स्वयं करने में विश्वास रखती हैं। वह घर-परिवार के पारंपरिक रिवाजों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजने और उनका निर्वहन करने में गहरी रुचि लेती हैं। अपनों का साथ, पारिवारिक स्नेह और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति उनका अटूट लगाव उन्हें मानसिक रूप से प्रफुल्लित रखता है। उनका यह दृष्टिकोण आधुनिक युग की उस भागदौड़ भरी जीवनशैली पर करारा प्रहार है, जहां लोग छोटी-छोटी उम्र में ही तनाव और असाध्य बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। एंटोनिया क्रूज रोजास का जीवन हमें यह सिखाता है कि प्रकृति के करीब रहना, सात्विक भोजन करना और कर्मों में निरंतरता व सदाचार बनाए रखना ही दीर्घायु, स्वस्थ और आनंदमय जीवन का एकमात्र अचूक सूत्र है।






