बीएल भूरा चन्द्र शेखर आजाद नगर भाबरा, मध्य प्रदेश
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
खेती हमारी संस्कृति और जीवन
खेती हमारी संस्कृति है, खेती हमारा जीवन है,
मिट्टी की खुशबू में बसा, हमारा सारा बचपन है।
बाप-दादा ने हल चलाया, हमने भी वही राह चुनी,
धरती माँ की गोद में ही, हमने अपनी दुनिया बुनी।
सुबह उठकर खेतों में जाना, बैलों की घंटी बजाना,
पसीने की बूंद-बूंद में, अपना भाग्य सजाना।
बीज बोते हैं उम्मीदों के, बारिश से करते हैं बात,
धरती माँ जब हँसती है, भर जाती है घर की थात।
गेहूं, मक्का, सोयाबीन, सब खेतों की शान है,
किसान का बेटा किसान है, यही हमारी पहचान है।
खेती नहीं, ये पूजा है, धरती माँ का वरदान है,
किसान की मेहनत से ही, चलता हिंदुस्तान है।
न कोई ऊँचा, न कोई नीचा, खेत सबको देता है रोटी,
जो मिट्टी से प्यार करता है, उसकी कभी नहीं होती छोटी।






