राजकुमार कुम्भज जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
___________________
कविता का व्याकरण।
___________________
थोड़ा-थोड़ा रखता हूँ धैर्य
करता हूँ भूल-सुधार थोड़ा-थोड़ा
समेटता हूँ साहस और विचार
और सोचता हूँ घड़ी में वक्त क्या
कुछ करने से पहले कुछ सोचने से
अपने शब्दों के इरादों की आत्मा में
पाता हूँ धार और दिशा का पता
तब टूटती हैं घनीभूत अनिश्चितताएँ
और कातरताएँ इत्यादि भी टूटती हैं सब
इन्हीं अच्छे दिनों के, इन्हीं बुरे दिनों में
संभवत:बिन मौसम बदल रहा है
कविता का व्याकरण।
_______________________
रेलगाड़ी में बैठे हैं कुछ बच्चे।
_______________________
रेलगाड़ी में बैठे हैं कुछ बच्चे
उलट-पुलट रहे हैं कुछ खास किताबें
ठीक उन्हीं के साथ बैठे हैं कुछ बूढ़े भी
बीड़ी पी रहे वे बूढ़े उड़ा रहे हैं धुआँ
और बच्चे उड़ाना चाहते हैं खुले में पतँग
यहाॅं इस रेलगाड़ी में नहीं है कोई मैदान
बच्चे कूदकर भाग ही जाना चाहते हैं
इस रेलगाड़ी से खुले मैदान की तरफ़
बच्चे खेलना चाहते हैं फुटबॉल भी
बच्चे सोचते हैं मैदान में खाली जगह
मैदान में जगह-जगह बैठे हैं चंट मदारी
मैदान में कहाँ है, कहाँ है खाली जगह
इधर तान लिए हैं तंबू कुछ भद्र ठगों ने
और उधर आटा छान रहे हैं कुछ सैनिक
भागता हुआ इंजिन छोड़ रहा है चिंगारियाँ
चिंगारियों को बुलबुला समझते हैं बच्चे
रेलगाड़ी में बैठे हैं कुछ बच्चे।
___________________






