राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 31)
अम्बिकापुर के साहित्यिक हलकों में राजन की कलम अब महज एक शौक नहीं रह गई थी। उनके विचार आकाशवाणी और दूरदर्शन की लहरों पर सवार होकर दूर-दूर तक पहुँचने लगे। जेल की चारदीवारी के भीतर बैठकर उन्होंने जो देखा-समझा था। अपराध के मूल में छिपी सामाजिक विसंगतियाँ, गरीबी, शिक्षा की कमी और व्यवस्था की उदासीनता उसे उन्होंने ऐसे शब्दों में बाँधा था कि पाठक और श्रोता दोनों सोचने को मजबूर हो जाते थे। धीरे-धीरे वे केवल एक जेल अधिकारी नहीं रह गए। समाज उन्हें एक सक्रिय चिंतक और साहित्यकार के रूप में पहचानने लगा।दो वर्ष बाद मध्य प्रदेश दो भागों में बँट गया। छत्तीसगढ़ अलग राज्य बन गया। अम्बिकापुर अब नए राज्य में चला गया। राजन ने बड़े सहज भाव से आपसी तबादले का आवेदन दिया, उनके एवजी अधिकारी तोमर जी जिला जेल दुर्ग (छ ग ) आ गए और राजन जिला जेल, छतरपुर पदस्थ हो गए।
आजादी के पचास वर्ष बीत चुके थे, पर बुंदेलखंड में जाति-भेद अभी भी अपनी जड़ों में गहराई तक जमा हुआ था। गाँवों और कस्बों में अब भी लोग जाति के नाम पर बाँटे जाते थे। ऊँच-नीच का भाव इतना मजबूत था कि किसी भी विवाद में सबसे पहले जाति का नाम लिया जाता। राजन ने छतरपुर आते ही महसूस किया कि यहाँ का सामाजिक ताना-बाना अम्बिकापुर से भिन्न है अधिक कठोर, अधिक रूढ़ और व्यवस्था के साथ अधिक मिलाजुला।दो वर्षों की पदस्थी में राजन के अधीन तीन उप-जेलर और एक सहायक जेलर आए। प्रत्येक की कार्यशैली अलग थी। कोई नियमों का कठोर पालन करता, कोई व्यावहारिक समझौतों में विश्वास रखता, कोई केवल फाइलें आगे बढ़ाने में माहिर था।
राजन ने सबको समान दृष्टि से देखा, पर अपनी प्राथमिकताएँ स्पष्ट रखीं कैदियों के साथ मानवीय व्यवहार, भ्रष्टाचार पर अंकुश और जेल के भीतर शिक्षा व कौशल के कार्यक्रम करने से धीरे-धीरे जेल का माहौल बदलने लगा।एक शाम राजन अपने मित्र, जिले के सी.एस.पी. के साथ खजुराहो घूमने निकले। दोनों की मारुति कार सड़क पर चल रही थी। रास्ते में अचानक एक दृश्य ने उन्हें रोक दिया, एक अधनंगा शराबी नशे में चूर होकर सड़क के बीचोंबीच नाच रहा था। भीड़ तमाशा देख रही थी। कोई रोकने वाला नहीं था।राजन ने कार रोकी। सी.एस.पी. साहब उम्र में उनसे बड़े थे, राजन ने मुस्कुराते हुए कहा,
दादा, आपका ‘लॉ एंड ऑर्डर’ आज राई (बुंदेलखंड का लोक नृत्य) नाच रहा है। शराबी के ठुमके आधे घंटे तक नहीं रुके, भीड़ ठहाके लगा रही थी। पूरा यातायात रुक गया। अचानक एक आपातकालीन एम्बुलेंस जब आकार हार्न मारते रुक गई तो राजन कार से उतरे। शराबी के पास गए, धीरे से कान में समझाया और उसे सड़क के किनारे हटाया। तब एम्बुलेंस आराम से निकली उधर सी.एस.पी. ने वायरलेस माइक से थाने को संदेश दिया – रोड पर एक शराबी सड़क अवरुद्ध कर रहा है। उसे अस्पताल छोड़कर आओ। रोजनामचे में मेरा संदेश और निर्देश का पालन अवश्य लिखना। मामला यहीं समाप्त हो जाना चाहिए था, पर सुबह जब राजन ऑफिस पहुँचे, तो जेल मुख्यालय से डी.आई.जी. का फोन आया, आवाज में कड़ाई थी। राजन ! आप सादी वर्दी में गुंडा गर्दी कर रहे थे ?
आप लोगों ने रात को निर्दोष आदमी को पीटा है? उनके परिजनों को परेशान किया है। आप दोनों के खिलाफ ईशतगाशा पेश हो रहा है।” राजन ने सारी घटना विस्तार से डी आई जी और डी जी को बताई कैसे शराबी सड़क अवरुद्ध कर रहा था, कैसे भीड़ जमा थी, कैसे उन्होंने और सी.एस.पी. ने मिलकर व्यवस्था बहाल की है। डी.आई.जी. चुप रहे और डी जी सिंह साब हँसकर बोले ठीक है। राजन ने तुरंत सी.एस.पी. को फोन किया,, दादा – बाबाल हो गया, सी.एस.पी. जोर से हँसे। बोले- आप समाचार-पत्रों में छाए रहते हो, आपका भोंकाल है तो ऊपर वालों को जलन होती ही है। बात इतनी सी बात है।
एक माह बड़ी उह – पुह की स्थिति रही , कुछ दिन बाद जब नए एस.पी. पदस्थ हुए। उन्होंने राजन और सी.एस.पी. के विरुद्ध लिखी गई नास्ति बुलवाई। उसी समय राजन सौजन्य भेंट करने गए थे। सी .एस.पी. ने पूरी घटना एस पी साहब को सुनाई फिर बताया वो शराबी कोई साधारण व्यक्ति नहीं था, स्थानीय बस संचालक है। उसकी दोस्ती कुछ पुलिसवालों से थी। इसलिए तिल का ताड़ बना दिया गया। नए एस पी साहिब रायगढ़ में राजन का नाम और काम देख चुके थे,,,बोले- राजन को मैं जानता हूँ। तत्काल प्रकरण नास्तिबद्ध कर फाइल बंद कर दी गई, तत्पश्चात सभी अपने – अपने काम में मशगूल हो गए।
राजन के मन में प्रश्न शेष रह गए कि अपराध, अपराधी और सरकारी संस्थाओं के बीच का मोल-भाव आम बात होती जा रही है । कहीं रिश्वत से प्रकरण दबाए जाते, कहीं रिश्ते-नाते से, कहीं दबाव से। लॉ एंड ऑर्डर की इमारत की नींव में दरारें पड़ चुकी थीं। राजन अकेले अपने कमरे में बैठे सोचते, जेल तो छोटे-मोटे लोग ही आते हैं, संस्थाओं के लूटरे और विक्रेता शान से घूम रहें हैं। व्यवस्था सुधरे तो सुधरे कैसे? जब अपराधी और व्यवस्था के कुछ हिस्से दार एक ही थाली में खाने लगें, तब कानून की किताबें केवल प्रदर्शन की वस्तु रह जाती हैं।
सजा केवल गरीब और असहाय के लिए बचती है। बाकी सब सौदेबाजी का विषय बन जाता है। राजन जानते हैं कि अकेले वे पूरी व्यवस्था नहीं बदल सकते, पर अपनी कलम और अपने पद से जितना संभव हो, उतना वे करते रहेंगे। छतरपुर की इस नई मिट्टी में भी वे वही प्रश्न बोएंगे जो उन्होंने अम्बिकापुर में बोए थे अपराध केवल व्यक्ति का नहीं होता वह समाज और व्यवस्था की भी उपज होता है और जब व्यवस्था स्वयं व्यापार करने लगे, तब सुधार की राह और भी कठिन हो जाती है।
(शेष भाग कल पढे़ं)






