सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पांच दिवसीय तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले का आगाज।
विधायक आशा नौटियाल ने किया मेले का शुभारंभ।
विभिन्न विद्यालयों के नौनिहालों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
विभागीय स्टालों के माध्यम से काश्तकारों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी।
ऊखीमठ: तल्लानागपुर क्षेत्र के चांदधार में पांच दिवसीय तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विधिवत आगाज हो गया है। केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मेले के शुभारंभ के साथ ही चोपता चांदधार में रौनक लौट आई है तथा क्षेत्रीय जनता में मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मेले के उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य चोपता सम्पन्न नेगी ने विशिष्ट अतिथि तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला समिति अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने की। मुख्य अतिथि विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता के संवाहक होने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि घोंपता – तुंगनाथ – तल्लानागपुर पेयजल योजना के पुर्नगठन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा केदारनाथ विधानसभा के समस्त तीर्थों को केदार खण्ड मन्दिर माला के तहत विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने तल्लानागपुर महोत्सव के सफल संचालन के लिए विधायक निधि से चार लाख रुपए देने की घोषणा की ।
जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने कहा कि तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेला क्षेत्र की पहचान और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। मेले के माध्यम से जहां स्थानीय उत्पादों और कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं ग्रामीणों को आपसी मेल-मिलाप और अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलता है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी ने कहा कि मेले हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र में कृषि, पर्यटन और स्थानीय स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। मेला समिति अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया।
मेले के प्रथम दिवस विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकगीतों, लोकनृत्यों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नौनिहालों की प्रस्तुतियों में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक जीवन की झलक देखने को मिली। विद्यालयों के बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने मेले के पहले दिन को यादगार बना दिया।
वहीं मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर काश्तकारों और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज की जानकारी दी जा रही है।
पांच दिवसीय मेले के शुभारंभ के साथ ही चांदधार में सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यापारिक गतिविधियों ने गति पकड़ ली है। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण बर्त्वाल, गुमान सिंह सजवाण व यशवीर सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता बर्त्वाल, गोकुल लाल टमटा , प्रधान सरोजनी देवी, साधना देवी, आजाद खत्री, उत्तम रावत, दलीप सजवाण, अखिलेश नेगी, हेमा देवी, देवेन्द्र भट्ट, शंकर सिंह नेगी, कुंवरी बर्त्वाल, हेमलता नौटियाल, जीत सिंह मेवाल, गजाधर वरिष्ठ, पूर्ण सिंह नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अमित प्रदाली, दलवीर सिंह राणा, दुर्गा करासी, मीनाक्षी बर्त्वाल, भाजपा मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, सरला भट्ट, मानवेन्द्र कुमार, मेला सचिव बीरेंद्र कुनियाल, सह सचिव योगम्बर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष यशपाल सिंह रावत, उप कोषाध्यक्ष गजेन्द्र करासी, लक्ष्मण सिंह राणा, बृजमोहन नेगी, हरीश बुटोला, पंचम नेगी, धीरज बर्त्वाल, धर्मानन्द चमोली सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।












