सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
मदमहेश्वर मेले में महिला मंगल दलों व विद्यालयों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम।
दूसरे दिन रंगारंग कार्यक्रमों से परवान चढ़ा मेले का उल्लास, विधायक आशा नौटियाल सहित जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत, प्रदेश स्तरीय महिला क्रिकेट सीनियर टीम में चयनित रितिका रावत सम्मानित।
ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ आगमन पर जीआईसी खेल मैदान में आयोजित त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले का उत्साह दिनोंदिन परवान चढ़ने लगा है। मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दलों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गुप्तकाशी विशेश्वरी देवी, बद्री-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, उद्योगपति खुशहाल नेगी तथा प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर केदार घाटी के रामपुर निवासी रितिका रावत का प्रदेश स्तर पर महिला क्रिकेट सीनियर टीम में चयन होने पर मेला समिति की ओर से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मदमहेश्वर मेला धार्मिक आस्था के साथ ही क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी कला और संस्कृति प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष गुप्तकाशी विशेश्वरी देवी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बद्री-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने कहा कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली का शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचना समूची मदमहेश्वर घाटी के लिए विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक अवसर है।
उद्योगपति खुशहाल नेगी ने कहा कि मदमहेश्वर मेला क्षेत्र की पहचान और गौरव से जुड़ा आयोजन है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों, युवाओं और महिला मंगल दलों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट ने कहा कि मेले जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं मेला समिति अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने मेले में पहुंचे मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रतिभागियों और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मदमहेश्वर मेले को भव्य स्वरूप देने में सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है तथा भविष्य में भी स्थानीय संस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास जारी रहेंगे।


इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, युवा कल्याण परिषद सदस्य राकेश भण्डारी, भाजपा गुप्तकाशी मण्डल अध्यक्ष किरन शुक्ला, प्रधान प्रदीप राणा, मन्दिर समिति सदस्य प्रह्लाद पुष्वाण, सरोज देवी, राय सिंह राणा, सभासद पूनम देवी, राकेश तिवारी, प्रताप सिंह धर्म्वाण सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी, सदस्य व प्रतिभागी मौजूद थे।






