कवयित्री /लेखिका सुश्री सरोज कंसारी नवापारा राजिम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
आलेख
सब्र का बाँध मत तोड़िए _सुश्री सरोज कंसारी
जीवन के इस सफर को सरल, सुखी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए वैसे तो बहुत सी चीजों की जरूरत होती है। मनुष्य हर पग पर जीवन का निर्वहन करते हुए सीखता है, अनुभवी बनता है। मन के दुखी और सुखी होने का प्रभाव हमारी जीवन-शैली पर पड़ता है। हमें वक्त के अनुसार फैसला लेना चाहिए। हर कड़वाहट को पी लीजिए, सब्र से जीवन शांत और सरल होता है। सब्र का बाँध न टूटे, इसका ध्यान रखिए, क्योंकि जब सब्र टूटता है तो विनाश होता है। सब्र एक हद तक अवश्य रखिए। सब्र टूटने के बाद सही-गलत, खोने-पाने या बनने-बिगड़ने का भय समाप्त हो जाता है। जल्दी में ऐसी कोई गलती मत कीजिए कि उसे सुधारने की गुंजाइश ही न रहे।
अक्सर जल्दी पा लेने की चाह में ही हमसे वो कार्य भी हो जाता है, जो सही नहीं होता। सब्र करने की आदत रखिए। जीवन के हर पल में कई कड़वाहट मिलती है, जल्द आवेश में मत आइए, सही वक्त का इंतज़ार अवश्य कीजिए। सब्र का अर्थ होता है, जब कोई बात बिगड़ जाए उस वक्त क्रोध को नियंत्रित करना, खुद को रोकना, शांत करना और सही वक्त में सही फैसला लेने की क्षमता विकसित करना। सब्र का अर्थ गलत को सहना नहीं है। दुख में धैर्य रखना और सुख में उतावला नहीं होना है।
एक हद के बाद सब्र का बाँध टूट ही जाता है। जब कोई हद पार करे, तो निर्भीक होकर विरोध कीजिए। खुद के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए खड़े होना आपका अधिकार है। जितना हो सके समझदारी से कार्य कीजिए। आपकी वजह से कोई विद्रोही न बने, इतनी कोशिश करते रहिए। जोश में होश खो देना भी ठीक नहीं। टूटने के बाद जोड़ना मुश्किल होता है, इसलिए बचिए किसी का परिवार, रिश्ते-नाते, मित्रता, दिल और आत्मीय भावनाओं को तोड़ने से। जितना हो सके जोड़ने में सहयोगी बनिए।
आज मन चारों तरफ से उलझा है। सब्र की शक्ति आ जाने से व्यक्ति ज़रा सी बात पर विचलित नहीं होता। मन में घबराहट नहीं होती, सुकून मिलता है, क्योंकि सब्र का संबंध बचाने की कोशिश से होता है। सब्र से मन की व्याकुलता दूर होती है। किसी भी रिश्ते को बचाए रखने की पहली शर्त सब्र है। बस जब भी दर्द हो, रोना नहीं, सहना है, समझना और सीखना है। अपनी ताकत खुद बनिए, दुखी होकर कमज़ोरी मत दिखाइए। गुस्से को पी जाना ही साहस है। सब्र से सुधार होता है।
सब्र करना हर किसी के लिए आसान नहीं। आज हर किसी को सब कुछ जल्दी, बिना किसी संघर्ष के चाहिए। इसलिए अपने ख्वाब को पूरा करने के लिए लोग आसान रास्ता देखते हैं। बिना सोचे-समझे लिए गए फैसले ही अक्सर नुकसान पहुँचाते हैं। सब्र से विश्वास बढ़ता है। सब्र करने वाला हारकर भी जीत जाता है। सब्र से मन संतुष्ट होता है।






