राजेन्द्र सिंह जादौन (समूह संपादक) मध्यप्रदेश
(नया अध्याय, मध्य प्रदेश) (w) 6395080071
संगठन गढ़े चलो, भला हो जिससे देश का, वो काम सब किए चलो…!
मैंने जीवन में एक बात सीखी है कि इंसान की पहचान उसके पद, प्रतिष्ठा या संपत्ति से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है।मेरी इच्छा थी कि मैं भारतीय सेना में जाऊँ, देश की सीमाओं पर रहकर मातृभूमि की रक्षा करूँ। लेकिन परिस्थितियाँ ऐसी बनीं कि सेना में नहीं जा पाया। फिर सोचा कि देशसेवा का रास्ता सिर्फ वर्दी से होकर ही नहीं गुजरता, एक रास्ता कलम का भी होता है। बस, मैंने पत्रकारिता को अपना रास्ता बना लिया।
आज मेरी कोशिश है कि कलम के माध्यम से देश का भला कर सकूँ, समाज की समस्याओं को उठा सकूँ, पीड़ितों की आवाज बन सकूँ और सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछ सकूँ। क्योंकि देशसेवा का अर्थ सिर्फ सीमा पर दुश्मन से लड़ना नहीं, बल्कि देश के भीतर फैली अव्यवस्थाओं, अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना भी है।
क्या करूँ साहब, फकीर आदमी हूँ! न किसी पद की लालसा है, न किसी सत्ता का मोह। न किसी की चापलूसी करना सीखा और न अपने जमीर का सौदा करना आया।
बस एक आदत है, हर किसी की चिंता करने की। किसान परेशान हो तो बेचैनी होती है, नौजवान बेरोजगार हो तो सवाल उठते हैं, पत्रकार पर संकट आए तो मन विचलित होता है और गरीब के साथ अन्याय हो तो कलम खुद-ब-खुद चलने लगती है।
लोग कहते हैं कि अपनी चिंता करो, अपना घर देखो, अपना भविष्य बनाओ। मगर साहब, जब मन में देश बसता हो तो चिंता सिर्फ अपने घर तक सीमित कैसे रह सकती है?
मेरा सपना भले ही सेना की वर्दी पहनने का पूरा नहीं हुआ, लेकिन देश के लिए लड़ने का जज्बा आज भी जिंदा है। फर्क सिर्फ इतना है कि तब हाथ में बंदूक होती और आज हाथ में कलम है।
क्योंकि मेरा मानना है कि देश की रक्षा सीमा पर सैनिक करता है और देश के भीतर लोकतंत्र, संविधान तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए स्वतंत्र पत्रकार को भी अपनी भूमिका निभानी पड़ती है।
मैं रहूँ या न रहूँ, लेकिन पत्रकारिता जिंदा रहनी चाहिए। कलम बिकनी नहीं चाहिए और सवाल पूछने का साहस मरना नहीं चाहिए। आखिर फकीर आदमी हूँ साहब, अपने लिए कम और सबके लिए ज्यादा सोचता हूँ!






