राजेन्द्र सिंह जादौन (समूह संपादक) मध्यप्रदेश
(नया अध्याय, मध्य प्रदेश) (w) 6395080071
हाँ, मैं भोपाल के पत्रकारों की नजर में सबसे घटिया पत्रकार हूँ…!
हाँ, मैं अपनी ही पत्रकार कौम के कुछ लोगों की नजर में सबसे घटिया पत्रकार हूँ। राजधानी भोपाल में बैठे कुछ झंडू बाम पत्रकारों का मानना है कि मुझे पत्रकारिता का क, ख, ग भी नहीं आता। मैं न खबरों की दुनिया का जानकार हूँ, न पत्रकारिता के तौर-तरीके समझता हूँ और न ही शायद उनके बनाए हुए पैमानों पर खरा उतरता हूँ।
और सच कहूँ तो मुझे उनकी इस राय से कोई खास आपत्ति भी नहीं है।
बिल्कुल, मुझे कुछ नहीं आता!
मैं आज भी पत्रकारिता सीख रहा हूँ। पूरे 30 साल बीत गए, लेकिन आज तक यह दावा नहीं कर पाया कि पत्रकारिता का पूरा ज्ञान हासिल कर लिया है। क्योंकि मेरा मानना है कि जिस दिन किसी पत्रकार को लगने लगे कि उसे सब कुछ आता है, उसी दिन उसकी सीखने की प्रक्रिया खत्म हो जाती है।
शायद मेरी सबसे बड़ी गलती यही है कि मैं इनके झुंड का हिस्सा नहीं हूँ। न कभी बनना चाहता हूँ और न ही झुंड में शामिल होकर अपनी पहचान खोना चाहता हूँ।
मैंने पत्रकारिता को किसी की कृपा, किसी की सिफारिश या किसी राजनीतिक दरबार की चौखट पर खड़े होकर नहीं सीखा। मैंने इसे समय के थपेड़ों, संघर्ष, असफलताओं, सवालों और अपने अनुभवों से सीखा है।
इसीलिए शायद कुछ लोगों के लिए मैं एक पत्रकार नहीं, बल्कि एक किस्सा हूँ। ऐसा किस्सा जिसे वे चाय की टेबल से लेकर पत्रकारों की बैठकों तक कहीं भी सुनाने लगते हैं।
कोई मेरी खिल्ली उड़ाता है, कोई मेरी भाषा पर सवाल उठाता है, कोई मेरे काम करने के तरीके पर और कोई मेरी औकात बताने की कोशिश करता है।
लेकिन मजेदार बात यह है कि जिन लोगों ने मेरा संघर्ष देखा है, जो मुझे व्यक्तिगत तौर पर जानते हैं, उन्हें मेरे बारे में किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं पड़ती। वे ही अक्सर ऐसे लोगों का मुँह बंद कर देते हैं।
मैंने 30 साल पत्रकारिता में बिताए हैं, लेकिन आज भी अपने नाम के आगे ज्ञान का कोई तमगा लगाने की जरूरत महसूस नहीं करता। मैंने खबरें लिखी हैं, सवाल उठाए हैं, सत्ता के दरवाजों पर दस्तक दी है और कई बार अपने ही लोगों की नाराजगी भी झेली है।
मुझे मालूम है कि पत्रकारिता सिर्फ प्रेस कार्ड, बड़े संस्थान का नाम, महंगी गाड़ी, नेताओं के साथ तस्वीरें और सरकारी कार्यक्रमों में आगे की कुर्सी हासिल करने का नाम नहीं है।
पत्रकारिता तो वह है जब कोई पीड़ित अपनी परेशानी लेकर आपके पास आए और उसे भरोसा हो कि उसकी आवाज कहीं दबेगी नहीं।
मैं मानता हूँ कि मुझमें कमियां हैं। मेरी भाषा में कमियां हो सकती हैं, मेरी खबरों में गलतियां हो सकती हैं और मेरी समझ भी अधूरी हो सकती है। लेकिन एक बात का दावा जरूर कर सकता हूँ कि मैंने सीखना बंद नहीं किया।
और हाँ, मुझे झुंड में शामिल होकर पत्रकारिता करने का शौक भी नहीं है।
क्योंकि भीड़ में शामिल होकर आवाज लगाना आसान है, लेकिन भीड़ के खिलाफ खड़े होकर सवाल पूछना थोड़ा मुश्किल होता है।
मेरे आलोचकों से बस इतनी सी गुजारिश है कि मेरी पत्रकारिता का मूल्यांकन मेरी कमियों से जरूर कीजिए, लेकिन मेरे संघर्ष को मिटाकर मत कीजिए।
मुझे घटिया पत्रकार कहने से पहले उन रास्तों को भी देख लीजिए, जिनसे गुजरकर मैं यहाँ तक पहुँचा हूँ।
मुझे आपकी तारीफ नहीं चाहिए, न ही आपके पत्रकारिता के प्रमाणपत्र की जरूरत है।
मैं आज भी सीख रहा हूँ और शायद जिंदगी भर सीखता रहूँगा।
क्योंकि मेरा मकसद सबसे बड़ा पत्रकार कहलाना नहीं, बल्कि पत्रकारिता को अपने जीने का मकसद बनाए रखना है।
और आखिर में…
मैं झुंड का हिस्सा नहीं हूँ, इसलिए अकेला जरूर दिखाई देता हूँ। लेकिन याद रखिए, हर अकेला आदमी कमजोर नहीं होता। कुछ लोग भीड़ से इसलिए दूर रहते हैं क्योंकि उन्हें अपनी आवाज बचाकर रखनी होती है।
बस मेरे लिए यही बहौत है कि में तुम्हारी भीड़ का हिस्सा नहीं लेकिन तुम्हारे लिए एक किस्सा तो हूँ ना जो तुम कही भी सुनाने लगते हो …
मैं रहूँ या न रहूँ, मेरी पत्रकारिता जिंदा रहनी चाहिए।






