मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
समान शिक्षा और रोजगार के सवालों पर 25 नवंबर को अल्मोड़ा में जुटेंगे छात्र-युवा।
अल्मोड़ा: उत्तराखण्ड छात्र संगठन (USO) की ओर से आगामी 25 नवंबर 2026 को नगर निगम सभागार, अल्मोड़ा में एक महत्वपूर्ण छात्र-युवा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन प्रातः 10:30 बजे से प्रारंभ होगा।
इस सम्मेलन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षा के बढ़ते निजीकरण, समान शिक्षा के अधिकार तथा युवाओं के सामने बढ़ती बेरोजगारी जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं पर व्यापक चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश में शिक्षा की वर्तमान स्थिति, सरकारी शिक्षण संस्थानों की चुनौतियों और छात्र-युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उत्तराखण्ड छात्र संगठन का मानना है कि शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और इसे बाजार तथा मुनाफे की वस्तु बनाने के बजाय सभी के लिए समान एवं सुलभ बनाया जाना चाहिए। आज शिक्षा के निजीकरण और रोजगार के सीमित होते अवसरों के बीच छात्र-युवाओं के सामने अनेक चुनौतियां हैं। इन सवालों पर सामूहिक विमर्श और एकजुट पहल समय की आवश्यकता है।
अतः उत्तराखण्ड छात्र संगठन प्रदेश के समस्त छात्र-छात्राओं, युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शिक्षा के सवालों से जुड़े सभी जागरूक नागरिकों से अपील करता है कि वे इस सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और शिक्षा एवं रोजगार के सवालों पर होने वाली इस सामूहिक चर्चा का हिस्सा बने।






