सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
रांसी में आयोजित बगडवाल नृत्य का जीतू बगडवाल हरण के साथ भावुक समापन।
जीतू बगडवाल की वीरगाथा के अंतिम प्रसंग पर महिलाओं व घियाणियों की छलक उठीं आंखें, 28 दिनों तक भक्तिमय रहा मदमहेश्वर घाटी का वातावरण।
ऊखीमठ: भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी गांव में 16 वर्षों बाद आयोजित ऐतिहासिक बगडवाल नृत्य का समापन जीतू बगडवाल हरण के भावुक प्रसंग के साथ हो गया। जीतू बगडवाल की प्रेम, समर्पण, शौर्य और वीरता की गाथा के अंतिम पड़ाव पर जैसे ही हरण का प्रसंग प्रस्तुत किया गया, वहां मौजूद महिलाओं और घियाणियों की आंखें छलक उठीं। लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के अनूठे संगम के रूप में आयोजित यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान 28 दिनों तक मदमहेश्वर घाटी सहित रांसी गांव के वातावरण को भक्तिमय बनाए रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, प्रवासियों और श्रद्धालुओं ने बगडवाल नृत्य के विभिन्न प्रसंगों के साक्षी बनकर लोक परंपराओं से जुड़ाव का परिचय दिया।
बगडवाल नृत्य के समापन अवसर पर जीतू बगडवाल हरण का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जीतू बगडवाल की मार्मिक गाथा के मंचन के दौरान उपस्थित महिलाएं और घियाणियां भावुक हो उठीं। लोकगाथा के इस प्रसंग ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उल्लेखनीय है कि बगडवाल नृत्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें लोकगीतों, जागरों और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से जीतू बगडवाल की वीरगाथा का सजीव चित्रण किया जाता है।
राकेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन भट्ट ने कहा कि 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी में बगडवाल नृत्य का आयोजन होना समूची मदमहेश्वर घाटी के लिए गौरव का विषय रहा। 28 दिनों तक चले इस आयोजन ने नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक विरासत से रूबरू होने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और प्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
राकेश्वरी मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने कहा कि बगडवाल नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी लोक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली विरासत का जीवंत स्वरूप है। 16 वर्षों बाद आयोजित इस अनुष्ठान में जिस उत्साह और श्रद्धाभाव से क्षेत्रीय जनता ने सहभागिता की, वह लोक परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलती है और भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा मिलती है।
बद्री-केदार मंदिर समिति के पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत ने कहा कि जीतू बगडवाल की गाथा उत्तराखंड की लोक संस्कृति में विशेष स्थान रखती है। बगडवाल नृत्य के माध्यम से इस वीरगाथा का पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षण होता आया है। रांसी में 28 दिनों तक चले इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ लोक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जीतू बगडवाल हरण के अंतिम प्रसंग ने जिस तरह उपस्थित महिलाओं और घियाणियों को भावुक किया, उससे इस लोकगाथा के प्रति जनमानस की आत्मीयता और संवेदनशीलता का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
सामाजिक कार्यकर्ता रणजीत रावत ने कहा कि 16 वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित बगडवाल नृत्य का भावुक समापन मदमहेश्वर घाटी के लिए अनेक स्मृतियां छोड़ गया। 28 दिनों तक रांसी गांव में गूंजते लोकगीतों, जागरों और पारंपरिक नृत्य की स्वर लहरियों के थमने के साथ ही एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक आयोजन का अवसान हुआ, लेकिन जीतू बगडवाल की वीरगाथा और लोक परंपराओं से जुड़ी इसकी स्मृतियां लंबे समय तक क्षेत्रवासियों के मन में जीवंत रहेंगी।






