संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
मालवा निमाड़ के संतरे की मिठास, लदे पेड़ों को देख किसानों को अच्छे भाव की उम्मीद।
आगर-मालवा: मालवा निमाड़ की उपजाऊ मिट्टी और अनुकूल जलवायु में तैयार होने वाला संतरा एक बार फिर किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आया है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों संतरे के बगीचे फलों से लदे दिखाई दे रहे हैं। पेड़ों पर लटकते संतरे देखकर किसानों को इस बार अच्छी पैदावार के साथ बेहतर भाव मिलने की उम्मीद है। हालांकि कुछ किसानों के अनुसार पिछले वर्षों की तुलना में उत्पादन कम रहने की आशंका है, लेकिन बाजार में मिल रहे भाव ने उनकी उम्मीदों को बनाए रखा है। यही कारण है कि अब व्यापारी भी मंडियों के बजाय सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचकर खड़ी फसल का मोलभाव कर रहे हैं।
किसान समय-समय पर बगीचों की देखभाल, सिंचाई और पौधों की कटिंग कर उत्पादन बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। संतरे की फसल तैयार होने के साथ ही अब किसानों की नजर बाजार के भाव पर टिकी हुई है।
वर्तमान में अच्छी गुणवत्ता के संतरे का भाव 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बताया जा रहा है। गुणवत्ता और बगीचे की स्थिति के अनुसार व्यापारी किसानों से अलग-अलग भाव पर सौदे कर रहे हैं। कई जगह व्यापारी पूरे बगीचे की फसल का एकमुश्त सौदा करने में भी रुचि दिखा रहे हैं। इससे किसानो को फसल की तुड़ाई और बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था से कुछ राहत मिलती है। किसान भी बाजार के रुख को देखते हुए अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
किसानों के चेहरे खिले जिले में संतरे की खेती लंबे समय से किसानों की आय का एक महत्वपूर्ण माध्यम रही है। इस बार भी कई बगीचों में संतरे के पेड़ों पर अच्छी संख्या में फल दिखाई दे रहे हैं।
किसान अशोक शर्मा हरखनखेड़ी प्रताप सिंह निवासी चिपिया, रुगनाथ सिंह निवासी आम्बादेव, सजन सिंह निवासी इकलेरा और पवन आर्य निवासी कानड़ का मानना है कि यदि अच्छी गुणवत्ता वाले संतरे के भाव इसी तरह बने रहते हैं तो कम उत्पादन होने के बावजूद उन्हें आर्थिक रूप से बेहतर लाभ मिल सकता है। व्यापारी भी फसल। की गुणवत्ता देखकर खेतों में ही सौदे तय कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में संतरे की आवक और कारोबार में तेजी आने की संभावना है। संतरों की मांग मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और पश्चिम बंगाल तक रहती है। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा के व्यापारी भी यहां के संतरे का कारोबार करते हैं। अलग-अलग राज्यों में पहुंचने वाली इस उपज से जिले के संतरा उत्पादकों को व्यापक बाजार मिलता है।
एक-दो साल पहले किसान हटाने लगे थे संतरे के पेड़ संतरे की खेती के लिए जिले में परिस्थितियां अनुकूल होने के
बावजूद पिछले कुछ वर्षों में किसानों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एक से दो वर्ष पहले उत्पादन में कमी और दूसरी फसलों से अपेक्षित लाभ नहीं मिलने के कारण कुछ किसान अपने खेतों से संतरे के पेड़ हटाने लगे थे। हालांकि अब स्थिति में बदलाव दिखाई दे रहा है। किसानों को बागवानी के प्रति जागरूक करने और पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित करने के प्रयासों से कई किसानों ने अपने बगीचों को बचाया है। वहीं नए किसान भी संतरे के पौधे लगाने में रुचि दिखा रहे हैं।
समय पर देखभाल से बेहतर उत्पादन की उम्मीद : उद्यानिकी विभाग के जिला अधिकारी अर्जुन सिंह राजपूत ने बताया कि आगर-मालवा जिले की मिट्टी की गुणवत्ता और जलवायु संतरे के उत्पादन के लिए अनुकूल है। यही कारण है कि यहां किसान संतरे की खेती करते हैं और अच्छी पैदावार भी प्राप्त करते हैं। पहले कुछ किसान उत्पादन प्रभावित होने के कारण संतरे के पेड़ हटाने लगे थे, लेकिन किसानों को जागरूक कर पौधों को बचाने के प्रयास किए गए। अब किसान फिर से संतरे की खेती की ओर रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बड़े किसान बगीचों की समय पर कटिंग, ड्रिप सिंचाई और आवश्यक दवाइयों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन लेने का प्रयास कर रहे हैं। वैज्ञानिक तरीके से बगीचों की देखभाल करने वाले किसानों को इसका लाभ भी मिल रहा है। जिले में संतरा उत्पादन की संभावनाएं बनी हुई हैं और किसान बागवानी के प्रति फिर से आकर्षित हो रहे हैं।
बाजार भाव पर टिकी किसानों की निगाहें
फिलहाल संतरे की फसल को लेकर किसानों में उत्साह है। खेतों में फलों से लदे पेड़ और बगीचों तक पहुंचते व्यापारी इस बात का संकेत दे रहे हैं कि संतरे का कारोबार शुरू हो चुका है। अब किसानों की निगाहें इस बात पर हैं कि आने वाले दिनों में बाजार में भाव किस स्तर पर बने रहते हैं। यदि अच्छी गुणवत्ता के संतरे को 40 से 50 रुपये किलो तक भाव मिलता रहा तो किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है। मालवा की मिट्टी में तैयार संतरे की मिठास अब दूसरे राज्यों के बाजारों तक पहुंच रही है और इसके साथ ही आगर जिले के संतरा उत्पादकों की उम्मीदें भी बढ़ रही हैं






