डॉ0हरि नाथ मिश्र, अयोया उ. प्र्।
दशहरा(दोहे)
दिव्य दशहरा पर्व यह, रामचंद्र-उपहार।
दनुज-दलन कर राम ने, किया बहुत उपकार।।
रावण-कुल का नाश कर, किए पाप का अंत।
अघ-बोझिल इस धरा का, हरे भार भगवंत ।।
सदा सत्य की है विजय, किए प्रमाणित राम।
मद-घमंड-छल-छद्म से, बने न कोई काम ।।
अभिमानी रावण मरा,जला पाप का लोक।
भक्तों को प्रभु त्राण दे,दिए वास परलोक।।
सत्य-धर्म के हेतु प्रभु,लिए मनुज-अवतार।
मर्यादा की सीख दे, जग को लिए उबार।।
कपट-झूठ,छल-छद्म पर,मिली विजय अनुकूल।
इसी दिवस शुभ पर्व पर, मरा काल प्रतिकूल।।
राम-नाम शुभ मंत्र है,जपें सदा दिन-रात।
रहें मनाते पर्व यह, बन जाएगी बात।।








