चन्द्रमती चतुर्वेदी ‘चन्दू’ बस्ती, अयोध्या धाम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
वंधुत्व का दीपक
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा,
जिससे जग का कोना-कोना, दमके स्वर्णिम जैसा।
रुपया-पैसा मान नहीं है, मानवता अनमोल,
खुशियाँ बाँटो, प्रेम लुटाओ, मीठे बोलो बोल।
कीर्ति तुम्हारी जग में चमके, सूर्य-किरण के जैसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।
स्वार्थ भाव को दूर हटाकर, परहित का व्रत धारो,
भटके हुए मुसाफिर को तुम, मंजिल का पथ तारो।
किसी निराश हृदय में भर दो, विश्वास नया-नया सा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।
दीप वही जो अँधियारे में, रोशनी बाँटता जाए,
दुख की तपती धूप में बनकर, शीतल छाँव लुटाए।
खुद तक सीमित रहे न जीवन, हो विस्तार गगन सा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।
नहीं अपेक्षा यश की रखना, नहीं मान-सम्मान की,
सेवा से पहचान बनाना, यही रीति इंसान की।
कर्म तुम्हारे बोल उठें तो, नाम गूँजे जग ऐसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।
मंदिर-मस्जिद बाद में बनें, पहले मन उजियारा हो,
भूखे को भोजन मिल जाए, प्यासे को जलधारा हो।
प्रेम, दया, सद्भाव जगत में, फैले खुशबू जैसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।
मिट्टी का दीपक बनकर भी, जग को राह दिखाना,
अंधकार से लड़ते-लड़ते, अपना धर्म निभाना।
जीवन का हर कर्म महकता, रहे सुमन वन जैसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।।
********—***********
तुम्हीं आस मेरे, विश्वास के सबेरे,
कहाँ तक बतायें, तुम जीवन हो मेरे।
तुम्हीं चाँदनी हो, तुम्हीं चाँद मेरे,
तुम्हीं फूल बनकर, खिले मन में मेरे,
तुम्हीं राग मेरे, तुम्हीं गीत मेरे,
तुम्हीं धड़कनों के मधुर मीत मेरे।
तुम्हारे ही आने से मौसम सँवारे,
खिले मन के आँगन में सपने हजारों,
हवा भी सुनाये तराने तुम्हारे,
महकने लगे हैं ये दिन भी हमारे।
तुम्हीं आस मेरे, विश्वास के सबेरे,
कहाँ तक बतायें, तुम जीवन हो मेरे।
कभी रूठ जाऊँ तो हँसकर मनाना,
कभी आँख भर आये तो पास आ जाना,
तेरे नाम कर दूँ मैं साँझें-सवेरे,
तुम्हीं से सजे हैं ये सपने सुनहरे।
नदी की लहर में तुम्हारा तराना,
पवन की लहर में तुम्हारा ही गाना,
मेरी हर खुशी के तुम्हीं हो बसेरे,
कहाँ तक बतायें, तुम जीवन हो मेरे।
तुम्हीं प्रीत मेरी, तुम्हीं रीत मेरी,
तुम्हीं मन के मंदिर की हो ज्योति मेरी,
जनम-जनम तक रहें साथ तेरे,
तुम्हीं आस मेरे, विश्वास के सबेरे।
********************
मुखड़ा
है सुहानी छटा चाँदनी रात की,
न बढ़ाओ जी तकरार बिन बात की।
चाँदनी भी मचलने लगी प्यार में,
कुछ तो इज्जत करो आज जज़्बात की।
अंतरा –
चाँद निकला है लेकर के चाँदी का रंग,
झूम उठने लगे हैं तराने के संग,
आज मौसम में खुशबू है बरसात की,
न बढ़ाओ जी तकरार बिन बात की।
अंतरा –
आपकी ये अदाएँ क़यामत करें,
हम तो चुप हैं मगर दिल की धड़कन कहे,
क्यों बिगाड़ें ये रंगीन सौगात की,
न बढ़ाओ जी तकरार बिन बात की।
अंतरा –
रूठने का भी अपना मज़ा है मगर,
मान जाने में होती है खुशियाँ अगर,
क्यों मिटाएँ हँसी बात मुलाकात की,
न बढ़ाओ जी तकरार बिन बात की।
अंतरा –
चार दिन की है दुनिया, हँसी बाँटिए,
प्यार के दो मधुर बोल तो छाँटिए,
क्या खबर फिर मिले रात ऐसी कभी,
क्या जरूरत है शिकवे की बरसात की।
समापन
है सुहानी छटा चाँदनी रात की,
न बढ़ाओ जी तकरार बिन बात की।
आज दिल से दिलों की मुलाकात हो,
बात हो बस मोहब्बत की सौगात की।
*******************
ठुमक-ठुमक के सर्दी आई, लेकर ठंडी बयार,
कुहरे ने धरती को ढककर, किया नया शृंगार।
कहीं बज रही चाय की चुस्की, कहीं अलाव की शान,
मौसम ने फिर खोल दिया है, खुशियों का सामान।
सुबह-सुबह सूरज भी देखो, देर तलक सो जाता है,
खिड़की से झाँकती धूप का, मन दीवाना हो जाता है।
मूँगफली की महफिल सजती, गजक लगे लुभावन,
तिल के लड्डू, गुड़ की पट्टी, स्वाद लगे मनभावन।
मटर छीलती बैठी दादी, किस्से खूब सुनाती हैं,
आलू-गोभी के पराठे की, खुशबू मन बहलाती है।
रंग-बिरंगे गर्म कपड़ों से, बाजारों में बहार,
टोपी, मफलर, शॉल दुशाले, सबका अलग निखार।
खेतों में सरसों मुस्काई, पीली चुनरी ओढ़,
फूलों ने भी हँसकर खोली, पंखुड़ियों की गाँठ।
बच्चे दौड़ लगाते फिरते, लेकर नई पतंग,
छत पर चढ़कर गूँज उठे हैं, हँसी-ठिठोली के रंग।
किसी के घर में खीर पक रही, कहीं बन रही रबड़ी,
सर्दी की हर शाम लगे है, खुशियों से भरी पिटारी।
लेकिन उन लोगों को देखो, जिनके तन पर वस्त्र नहीं,
जिनके हिस्से छत भी न आई, जिनके पास बिछौना नहीं।
आओ मिलकर हाथ बढ़ाएँ, उनका दर्द मिटाएँ,
अपने हिस्से की गर्माहट से, उनके दीप जलाएँ।
सर्दी केवल ठंड नहीं है, रिश्तों का त्योहार,
प्रेम, दया और अपनापन ही, जीवन का उपहार।
चन्द्रमती की यही पुकार, मौसम हो खुशहाल,
हर आँगन में धूप खिले और, हर चेहरे पर लाली लाल।






