डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, उ. प्र.।
लिख रहा हूँ…..
मायूस ज़िंदगी का इतिहास लिख रहा हूँ,
लूटा है मिल के सबने अहसास लिख रहा हूँ।।
मायूस ज़िंदगी का……….।।
मिलते तो हैं गले वो इक यार की तरह,
काटेंगे वो गला भी कुछ ख़ास लिख रहा हूँ।।
मायूस ज़िंदगी का…….।।
इक दर्द है यहाँ तो इक दर्द है वहाँ भी,
बस दर्द ही है जीवन,बिंदास लिख रहा हूँ।।
मायूस ज़िंदगी का…….।।
कोई रहे न भूखा, नंगा रहे न कोई,
यह आस ले के मन में विश्वास लिख रहा हूँ।।
मायूस ज़िंदगी का…….।।
बुझती कभी नहीं क्यूँ हैवानियत की प्यास?
इंसानियत भी प्यासी वो प्यास लिख रहा हूँ।।
मायूस ज़िंदगी का ………।।








