डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
उजालों ने—-
उजालों ने सबको बहुत कुछ दिया है,
अँधेरों में क़िस्मत चलो आजमाएँ।
सुकूँ ज़िंदगी को अँधेरों ने जो दी-
चरागों की दुनिया में वो मिल न पाएँ।।
हुयी रात रौशन फ़लक पे सितारे,
अँधेरों के साथी हैं ये प्यारे-प्यारे।
सूने गगन में है बज़्मे चरागाँ-
लगे जैसे दीपक दीवाली मनाएँ।।अँधेरों में किस्मत——।।
ज़मानें की खुशियों के हकदार वो हैं,
शबे ग़म के साये तले जो चले हैं।
जिन्हें है अँधेरों से लड़ने की आदत-
उजाले उन्हें कब भला रास आएँ??अँधेरों में क़िस्मत——-।।
जीवन की बगिया में जो गुल खिलें हैं,
काटों के साये तले वो पले हैं।
मग़र खूबसूरत हैं गुल इस कदर के-
हज़ारों उन्हें देखकर मात खाएँ।।अँधेरों में किस्मत——-।।
दीवानी हो दुनिया भले रौशनी की,
उसे पर मिले ना झलक जिंदगी की।
अँधेरों का जीवन से रिश्ता पुराना-
उजाले में उसको न हम ढूँढ पाएँ।।
उजालों ने सबको बहुत कुछ दिया है,
अँधेरों में किस्मत चलो आजमाएँ।।








