पी.यादव ‘ओज’
झारसुगुड़ा,ओडिशा,भारत।
खुद्दारी से जीना सीखो।
“ले जाओ मेरी जिंदगी की दौलत।बस! मेरी खुद्दारी मेरे पास रहने दो।
जी सकता हूं,मैं अपने जिस्म के बिना।पर खुद्दारी के बिना,मैं एक पल भी जी नहीं सकता।”
जी हां! वो इंसान ही क्या! जिसकी खुद्दारी दो कौड़ी में बिक गई हो।वो सुख-साधन,उपलब्धियां,नाम-शोहरत तमाम जिंदगी की बड़ी दौलत किस काम की? जिसे पाने के लिए किसी इंसान को अपनी आत्मा को गिरवी रखनी पड़ती हो।अपने आप को बेचना पड़ता हो।जहां उसकी खुद की खुद्दारी किसी के पैरों तले दबी पड़ी हो।मैं ऐसे हर सुख,ऐश्वर्या,वैभव और शोहरत को धिक्कारता हूं।जो खुद के ईमान के सौदेबाजी पर मिली हो।
‘खुद्दारी’,स्वाभिमान,ईमान,धर्म जीवन के वो विराट शब्द है,जिनकी महास्वीकृति मनुष्य को मानव से महामानव और महामानव से देवता बना देती है।खुद्दारी जीवन की सबसे बड़ी साधना,तपस्या और ध्यान है।खुद्दारी स्वयं को शुद्ध करने की सबसे बड़ी सिद्धि है।खुद्दार इंसान आत्मविश्वास से लवरेज होता है।वह जीवन में हर वह तमाम वस्तुओं को प्राप्त करता है,जो उसकी खुद्दारी उसे किसी नजराना के रूप में भेंट करती है।खुद्दार इंसान दौलत और शोहरत से गरीब हो सकता है,पर अपनी खुद्दारी से वह दुनिया में सबसे अमीर होता है।उसे इस बात का मलाल नहीं रहता है कि उसने अपनी खुद्दारी बेचकर जीवन में सब कुछ पाया है।उसे इस बात का संतोष रहता है कि वह आज जो कुछ भी है,अपनी खुद्दारी के बल पर है।खुद्दार इंसान जिंदगी में लाखों संघर्ष करता है,पर अपने संघर्ष से वह जीवन के नायाब हीरे को तरासता है।खुद्दारी से बिताए गए जिंदगी के हसीन पल खुशियों और मुस्कुराहट देती हैं।जो जीवन के आंगन को आनंद से भर देती है।खुद्दारी मन का आनंद,अपनों का प्यार,परिवार का सुख,समाज का सम्मान और देश का आत्म-अभिमान है।परंतु यह विडंबना है कि आज का समाज ईमानदारी,सच्चाई और धार्मिकता जैसे गुणों से कोसों दूर नजर आता है।उसमें भी यदि युवाओं की बात हो,तो यह बात और भी गंभीर हो जाती है।आज के युवा परिश्रम,संघर्ष,चुनौतियों से परहेज करते है।आज वह अपने जीवन के सपने को पूरा करने के लिए शॉर्टकट या यह कहे कि कम से कम समय में अधिक से अधिक बड़े काम और मुकाम को पाना चाहता हैं।आज युवाओं का ध्यान उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक अच्छी नौकरी प्राप्त करने की दिशा में,तो कम नजर आता है।लेकिन पढ़ाई कम और दूसरे रास्ते से नौकरियां पाना या धन कमाने की प्रवृत्ति उनमें दिन पर दिन बढ़ती ही चली जा रही है।आज का युवा अपनी राह भटक चुका है।मौज-मस्ती,मनोरंजन सुख-सुविधा से पूर्ण जीवन को ही,वो अपनी उपलब्धियां मानता है।भविष्य के प्रति युवाओं की उदासीनता और समाज के प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया उन्हें पतन की गर्त में धकेल रहा है।कहते हैं कि दुख मनुष्य को मांजता है और सुख,दुख की स्मृति को विस्मृत कर देता है।आज का युवापीढ़ी सुखभोग की ओर अग्रसर हो रहा है।नैतिक मूल्यों को दरकिनार कर भविष्य के आकाश पर बहुत दूर तक उड़ान भरने के सपने संजोए फिरता है।वह मेहनत और ईमानदारी के बल पर धरती से आकाश तक का रास्ता तय नहीं करना चाहते;बल्कि उसके विपरीत छल-प्रपंच,बेईमानी और अनुचित ढंग से वह आसमान के सितारों को छूना चाहते हैं।हालांकि आज समाज में ऐसे कई युवा भी हैं,जिन्होंने अपने बलबूते पर संघर्ष करते हुए,राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सम्मानजनक स्थान को प्राप्त किया और अपनी उपलब्धियां का परचम लहराया है।पर ऐसे बिरलों की संख्या बहुत कम है।आज समाज का युवा सांप्रदायिकता और अराजकता के काले चश्मे लगाए राष्ट्र को दिशाहीनता की ओर ले जाने में अपनी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।समय रहते ऐसे भटके हुई युवाओं को प्रेम और सहानुभूति का मरहम लगाकर समाज और राष्ट्र के प्रति सोचने पर मजबूर करना होगा।उन्हें जगाना होगा।उन्हें उनकी जिम्मेदारियां का एहसास कराना होगा।उनके मन-मस्तिष्क में खुद्दारी से जीवन जीने की कला का विकास करना होगा। उन्हें सत्य,धर्म और मानवता के पथ पर चलने की सही प्रक्रियाओं का अवगत कराना होगा।भारत युवाओं का देश है।भारत को विकासशील देश से विकसित राष्ट्र में परिणत करने के लिए यह अत्यंत ही आवश्यक है कि युवा-शक्तियों को सही दिशा दिखाई जाए और उनकी शक्तियों का सदुपयोग किया जाए।इसके लिए आवश्यक है कि उनके अंदर खुद्दारी का गुण कूट-कूट कर भरा हो।खुद्दारी से जीने वाला व्यक्ति ही परिवार,समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाता है।हमारे युवा पीढ़ी को अतीत के सुनहरे पन्नों से कुछ हुनर सीख कर भविष्य की एक नई सुनहरी छवि तैयार करनी होगी।
भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ० राजेंद्र प्रसाद जी ने खुद्दारी की ऐसी मिसाल कायम की थी,जिसने उसे देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया।जब वह अपने स्कूली जीवन में थे,तब स्कूल जाने के रास्ते में एक छोटी-सी नदी पड़ती थी।नदी को पार करने के लिए नाव एकमात्र साधन था।परंतु राजेंद्र प्रसाद का परिवार अत्यंत ही निर्धन था।नाव का किराया देने के लिए उनके पास पैसे नहीं होते थे।उनके साथ का एक मित्र जो संपन्न परिवार से था। उसने राजेंद्र बाबू के नाव का किराया देने की पेशकश की।पर राजेंद्र बाबू ने एहसान लेना कुबूल नहीं किया।वह अक्सर नदी तैरकर पार करते और अपने स्कूल जाते।यह घटना राजेंद्र बाबू की खुद्दारी का श्रेष्ठ प्रमाण है। संसार के जितने भी लोग श्रेष्ठता के पद पर आसीन हुए हैं,उनमें कहीं ना कहीं खुद्दारी जिंदा थी।निष्कर्षता: मैं कह सकता हूं कि खुद्दारी के बिना जिंदगी का कोई मूल्य ही नहीं।जीना हो तो खुद्दारी के साथ जियो यही जीवन का सबसे बड़ा मूलमंत्र है।खुद्दारी से जीने वाला इंसान यशस्वी होता है और मरने के बाद भी वह अमर हो जाता है। जीवन के अंतिम बसंत में उसे इस बात का सुकून होता है कि उसने पूरी जिंदगी खुद्दारी से विताई।…”खुद को खुदा से मिला ले,यही तेरी खुद्दारी है।”.







