डा. सीमा विजयवर्गीय
अलवर, राजस्थान
हँसती-गाती मानवता को, फिर दुख का संसार न देना।
हाथों को तलवार न देना, युद्धों को हथियार न देना।।
याद करो पिछले युद्धों में, हमने कितना खोया-पाया।
सत्ता के लालच में अब तक, कितना-कितना रक्त बहाया।
धरती माता क्यों घायल है, सब मिलकर सन्धान करें अब।
समाधान खोजें हम प्रतिपल, फिर राहें आसान करें अब।
फिर मानवता के दुश्मन को, कोई भी अधिकार न देना।
हाथों को तलवार न देना, युध्दों को हथियार न देना।।
कैसे हो सकते एटमबम, फिर मानवता के रखवाले।
पिछली सदियों के जितने भी, दृश्य सभी हैं देखे भाले।
कितना बर्बर वहशी जालिम, इंसा आज हुआ है दानव
कम्प्यूटर-युग में भी देखो, प्रस्तर-युग जैसा ही मानव
नवयुग को फिर आगे आकर, विस्तृत शस्त्रागार न देना।
हाथों को तलवार न देना, युद्धों को हथियार न देना।।
मेरे पूत-सपूतो सुन लो, घर-आँगन ख़ुशहाली लाना।
अपनी मेहनत के बल पर तुम, नीलगगन छू कर दिखलाना।
परम्परा-आदर्शों का तुम, हरपल ही सम्मान बढ़ाओ।
मानवता के मीठे-सुंदर, गीत धरा को आज चढ़ाओ।
हँसती-गाती ललनाओं को, तुम रोते त्योहार न देना।
हाथों को तलवार न देना,युध्दों को हथियार न देना।।







