डा. सीमा विजयवर्गीय
अलवर, राजस्थान
सीमा पर डटकर खड़ा, लड़ता आठों याम।
ये राखी मैंने रखी, उस सैनिक के नाम।।
राखी के हर तार को, भावों से ही तोल।
भावों के बिन तो सखी, राखी का क्या मोल।।
हिस्सा-पैसा कुछ नहीं, और न कंगन, हार।
भैया! बहना के लिए, रख लेना बस प्यार।।
माँ-बापू के बाद अब, सिमट गए हैं पाँव।
त्योहारों पर ही कभी, हो आते हैं गाँव।।
राखी का क्या मोल है, राखी का क्या तोल।
रेशम की ये डोर तो, होती है अनमोल।।
रिश्तों-नातों में सदा, भावों का हो मेल।
रुपये-पैसे के लिए, तू दिल से मत खेल।।
भेज रही कर्मावती, राखी में अहसास।
सुनो हुमायूँ! विपद में, बन जाओ विश्वास।।







