डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी।
चाय चौवालीसा
अमृत रस के तुल्य है, चाय बहुत अनमोल।
पीनेवाला जोश भर, बोले खुशमय बोल।।
पी कर चाय सदा मस्ती लो।
बुन कर सपने साथ ले चलो।।
चलो प्यार की अलख जगाएं।
मस्तानी संगीत सुनाएं।।
जीवन को खुशहाल बनाना।
छिपा चाय में प्रेम खजाना।।
साथ बैठ कर पीते रहना।
मीठी -मीठी बातें करना।।
जीवन बीते पीते -पीते।
मुस्काएंगे जीते -जीते।।
मत रुकना प्रिय छक कर पीना।
बने अमर युग- युग तक जीना।।
अतिशय स्वाद भरा प्याली में।
चमक रही जिमि दीवाली में।।
मनमोहक है चाय – कटोरा।
लगता जैसे मधु चितचोरा।।
जो भी देखे खुश हो जाये।
नित मस्तानी वीन बजाये ।।
प्याला अपनेआप मस्त है।
इसे देख कर मदन पस्त है।।
जरा संभल कर पीते रहना।
प्याले को सहलाते चलना।।
प्याले की पेंदी में गर्मी।
नहीं कहीं से शीतल नर्मी।।
सभी चाय के पीछे पागल।
चुस्की लगती बजती छागल।।
अति आनंदक चाय कुमारी।
सहज मिटाती थकी खुमारी।।
मुखड़े पर मोहक छाया है।
मधुरिम मनरम मन माया है।।
आह चाय! मस्ती की रानी।
तुझपर दुनिया सदा दिवानी।।
यत्र तत्र सर्वत्र तुम्हीं हो।
भाग्यशालिनी मित्र तुम्हीं हो।।
सबको तुम्हीं लुभाती रहती।
अच्छी नाच नचाती चलती।।
कभी नहीं तुम थकती दिखती।
तरोताजगी भरती रहती।।
दिव्य शक्ति बन स्वयं थिरकती।
आँचल से सबको नित ढकती।।
ललचाता मन तुझे देख कर।
खुश हो जाता तुझको पा कर।।
हाय चाय! तुम बनी चाह हो।
थके हुए की इष्ट राह हो।।
तुम प्रत्यक्ष सखी अमी, दोस्त सुजन हमदर्द।
जो भी पाता है तुझे, गायब उसके दर्द।।
तुम्हीं स्वागती विश्व की, हर उत्सव की जान।
तुझसे ही बढ़ता सहज, अतिथिजनों का मान।।
(नया अध्याय, देहरादून)
प्रकृति का वरदान
प्रकृति बनी माता है जग की।
खोज खबर लेती है सब की।।
खाद्य पदार्थ सकल यह देती।
नहीं किसी से कुछ भी लेती।।
रस बरसाती यह देती फल।
तेजस्वी सशक्त प्रिय हलचल।।
निष्कामी परमर्थी उज्ज्वल।
शीतल श्यामल मलयज निर्मल।।
शानदार अभिषेक धरातल।
पावन भव्य सुधाकर अविरल।।
धाम मनोहर अति पवित्र है।
रसाकार वरदान इत्र है।।
उन्नत प्रोन्नत विश्वमोहिनी।
सत्य शोधिका भाग्य बोधिनी।।
क्षिति जल पावक गगन पवन है।
प्रकृति पुरुषमय वरद वदन है।।
पूर्वाग्रह से मुक्त हमेशा।
दानशीलता का यह पेशा।।
यह दानी शारीरिक सुख की।
वरदानी मौलिक अभिमुख की।।
सुनीत चालीसा
नीति निपुण मर्मज्ञ अति,मनमोहक मधुमान।
मुखर मधुर मादक महक,मलय मिलन मुस्कान।।
ममता की शिव मूर्ति एक तुम।
प्रेम स्नेह रस स्फूर्ति नेक तुम।।
रसना पर अति शीतलता है।
दिव्य सुघर मन सौम्य लता है।।
भाव बहुत गंभीर अनोखा।
कभी न मिलता तुझसे धोखा।।
परम प्रसन्न शांत ध्रुव तारा।
दृढ निश्चयी भव्य नित प्यारा।।
दम्भरहित निष्कपट मनीषी।
सत्य स्तुत्य अविनाश महर्षी।।
आत्मज्ञानमय सहज सुशीला।
सप्तरंगमय दिल अल्बेला।।
महफ़िल सदा सजी दिखती है।
स्नेह भाव सदैव लिखती है।।
ढोल- नगाड़ों से है स्वागत।
मनरंजित होते सब आगत।।
जीवन का यह रंजक सपना।
न्यायोचित हर मानव अपना।।
निर्मल न्यायी मन।
भव्य पुनीत सुनीत सर्व धन।।
आशातीत अलौकिक रचना।
सुंदर नीति सभ्य शिव वचना।।
श्लोक लोक सबका हितकारी।
मंत्र मनोरम न्यायविहारी।।
प्रबल प्रतापी प्रतिमा प्यारी।
क्षति संयोजक शुद्ध विचारी।।
निर्बल का बल नीति नियामक।
स्वयं न्याय पंथ का मापक।।
हृदय सुस्ज्जित न्यायालय है।
कामधेनु सम विद्यालय है।।
सहज विनीत पुनीत सुनीता।
स्वच्छ योग धर्म शुभ गीता।।
अनुपमा अतुलित शुभ्र वस्त्र हो।
कोमल चितवन पूज्य अस्त्र हो।।
प्रेम मिलन की शुभ वादा हो।
स्वर्गिक सुखदाता ज्यादा हो।।
राह सुगम नित सुलभ सहायक।
पृथ्वी तल पर अति प्रिय नायक।।
नाम तुम्हारा अमर रहेगा।
काम शिवामृत सत्य कहेगा।।
नाम काम सम्मान से,रचित सतत इतिहास।
यह सुनीत मधु काव्यमय,का स्नेहिल अहसास।।
यह चालीसा सर्व का,करे सदा कल्याण।
पाठकगण के वदन में,हो अमृतमय प्राण।।







