डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
मुक्तक
मन में भ्रम मत पालिए, रखें खुला हिय-द्वार।
प्रेम-नीर से सींच कर, फलित करें व्यवहार।।
शांत-सरल-शुचि-मृदुल मन, काटे कष्ट कठोर।
प्रकृति संत की अति विमल, करती जन-उपकार।।
गिरि-प्रदेश से बह सरित, मिले सिंधु के नीर।
अन्न-फूल-फल दे जगत, हरे सभी की पीर।।
पवन-वेग से भी अधिक, होती मन की चाल।
सतत नियंत्रण से सदा, चंचल मन हो थीर।।
बिन बाधा के हो नहीं, कभी जगत में काम।
कर बाधा को पार ही, जीवन हो सुख-धाम।।
बाधा बल से जा नहीं, काटे इसे विवेक।
जो विवेक से काम ले, बढ़े उसी का नाम।।







