राजेंद्र रंजन गायकवाड़
(सेवा निवृत केन्द्रीय जेल अधीक्षक)
छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, देहरादून)
(कहानी)
रौशनी का पुनर्जन्म
तीन साल पहले जब पहली बार डॉक्टर ने कहा था – “मोतियाबिंद हो गया है दोनों आँखों में”, तब रंजन को लगा जैसे किसी ने उसके भरोसे को तोड़ दिया हो और धीरे-धीरे दुनिया फीकी पड़ती गई। पहले तो दूर की चीजें धुंधली हुईं फिर पास की लिखावटें, टीवी / मोबाइल देखना बंद। और फिर चेहरों के भाव, सबसे बुरी बात यह थी कि उसकी आँखों के साथ-साथ रंजन का पूरा आत्मविश्वास भी धीरे-धीरे अंधेरे में खोता चला गया।
सड़क पर अपनी बाइक / कार नहीं सकता था। दुकान पर सामान चुनते समय हाथ फूँक-फूँक कर बढ़ाता, लोग मदद करने आते, तो मन में एक अजीब सी झुंझलाहट होती – “मैं खुद क्यों नहीं ठीक से देख पा रहा हूँ?”और सबसे दर्दनाक बात – जब उसकी नाती ने कहा, “नानाजी, आप मेरी तरफ देखकर क्यों नहीं हँसते?” तब बेटी ने झूठ बोल दिया था, “बेटा, नानाजी की आँखें थक गई हैं। ।
हर सुबह उठकर वह खिड़की के पास बैठता और सोचता – “क्या यही ज़िंदगी बाकी है? बस सुनना, छूना और अनुमान लगाना?” बादल धुंधले, कोई नमस्ते करता तो उसका उत्तर भी नहीं पता, डॉक्टर कहते थे – “ऑपरेशन हो सकता है, लेकिन आपकी उम्र और दूसरी बीमारियों को देखते हुए रिस्क है।”
रंजन चुप हो जाता, रिस्क का मतलब उसके लिए सिर्फ़ मौत नहीं था, बल्कि यह डर था कि कहीं ऑपरेशन के बाद भी कुछ न ठीक नहीं हुआ तो? जो दिखता वो दिखना भी बंद न जाए।
फिर एक दिन उसकी पत्नी ने कहा, अब और इंतजार नहीं, मैंने डॉक्टर से बात कर ली है। नए लेंस आए हैं, बहुत अच्छे रिजल्ट दे रहे हैं, चलिए, आपरेशन करवा लेते हैं।”रंजन ने बहुत विरोध किया लेकिन पत्नी ने हाथ पकड़कर कहा – “आपने पूरी जिंदगी हमें रोशनी दी है अब हमारी बारी है।नये साल के अंत में” ऑपरेशन का दिन आया।
दोनों आँखें, एक के बाद एक ऑपरेट हो गई,, जब बेहोशी से होश में लौटा, तो सबसे पहले लगा कुछ गलत हो गया, दोनों आँखों का ऑपरेशन एक साथ नहीं कराना था।
सब कुछ बहुत चुप था फिर धीरे-धीरे पट्टी खुली, पहले तो बस सफेद रोशनी
फिर धीरे-धीरे रंग आए फिर आकार
और फिर चेहरा अपनी पत्नी का चेहरा आँखों में आँसू लिए मुस्कुराता हुआ।
“देखो जो… देख रहे हो न?” अब हमारा हिप्पी बर्थ डे भी मना लेंगे।
रंजन कुछ बोल नहीं पाया बस हाँ में सिर हिलाया, गला भर आया उसने खिड़की की तरफ देखा बाहर पेड़ हरे फूल ताजे थे। खुला आसमान नीला और सूरज शिद्दत से चमक रहा था इतना चमकीला कि आँखें झपकानी पड़ी।
उसी शाम जब नाती दौड़कर आया और बोला – “नानाजी!”
रंजन ने पहली बार तीन साल बाद अपने नाती को साफ-साफ गोरा चिट्ठा देखा। दौड़कर उसको गले लग लिया।
और धीरे से कहा –
“हाँ बेटा…नानाजी अब देख रहे हैं सब कुछ… बहुत साफ देख रहे हैं।” आप बहुत शैतानी कर रहे हैं। उस रात जब सब सो गए, रंजन अकेले खिड़की के पास खड़ा रहा, बाहर चाँद निकला था। उसने पहली बार तीन साल बाद चाँद को पूरा देखा और आँखों में पानी भर आया, नहीं दर्द का, रौशनी के पुनर्जन्म का, शेष जीवन का, कभी-कभी रौशनी सिर्फ़ आँखों में नहीं आती, वह दिल में भी वापस आत्म विश्वास लेकर लौट आती है और जब ऐसा होता है, तो लगता है जैसे जन्म दूसरी बार हुआ हो।







