संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
जिले में महा शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया
बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
आगर-मालवा : जिले में महा शिवरात्रि का पावन पर्व भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिले के प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरे दिन “हर-हर महादेव” एवं “ओम नमः शिवाय” के जयकारों से गूंजता रहा।
सुबह से ही जिले भर से श्रद्धालु दर्शन-पूजन हेतु मंदिर पहुंचे। देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के जिलों से आए भक्तों ने भी बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया, जिससे मंदिर परिसर एवं आसपास का वातावरण उत्सवमय दिखाई दिया।
महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा बैजनाथ महादेव का प्रातःकालीन रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह, सहित जनप्रतिनिधियों ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया।
प्रातःकालीन आरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने मंदिर गर्भगृह के बाहर से ही दूल्हे के रूप में सजे बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन किए। आकर्षक श्रृंगार एवं साज-सज्जा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएँ की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुगमता से दर्शन कर महा शिवरात्रि पर्व का आध्यात्मिक आनंद लिया।







