सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/ शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
‘महकता नव सवेरा’ (कविता)
———————————
मौत के दामन में एक दिन सबको आ जाना,
फिर किस बात की चिंता-फ़िक्र है करना।
सब कुछ तो विधि के विधान से है होना,
दुख-तकलीफ़ों से फिर क्या घबराना।
यह तन माटी का, जीवन चलता खिलौना,
आज पास जो, कल वह छूट ही जाना।
क्षणभंगुर जीवन को गले से लगाना,
माया की बंदिशों से हँस के निकलना।
तय है हर भोर के बाद रात्रि का होना,
सकारात्मकता की किरणें जगमगाती रहेंगी
मन के हर कोने में सद्व्यवहार रखना,
दिल के समंदर में प्यार-सद्भावना भरना।
नफ़रत को किनारे करते ही चलना,
मौन अभिव्यक्ति से सब कुछ कह देना।
किसी के दर्द का मरहम भी बन जाना,
व्यथा, कराह, सिसकी, बेबसी सुन लेना।
लिख डालना कोरे पन्नों पर अंतस की आग,
जगा सके जो सबके हृदयों में संवेदना का राग।
जगा सकूँ शब्दों से सबके मन में चेतना,
शब्दों में अपने असर सदा सुखद रखना।
क्यूँ आपस में दंगे-फसाद करते रहना,
सामंजस्य से हर विवाद सुलझा लेना।
मनमुटाव, बैर व क्रोध को न पालना,
रिश्तों की बगिया में सदा महकना।
निडर रहना, अनवरत चलते बढ़ना,
सकारात्मकता की किरणें जगमगाती रहेंगी।
दान, धर्म और दया को ऊँचा रखना।
सार्थक अर्थ को बारीकी से गढ़ना,
निरर्थक सवालों के घेरे में न रहना।
वसुधैव कुटुंबकम् का भाव संजोना,
सृजन के हर अल्फाज में जिंदा रहना।।







