✍️ डॉ. सत्यवान सौरभ
पीएचडी (राजनीति विज्ञान),
कवि, सामाजिक विचारक एवं स्तंभकार।
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जुबान और कागज
मुकरे होंगे लोग कुछ, देकर कभी जुबान।
तभी कागजों पर टिके, रिश्ते और मकान।।
बातों में जो प्यार था, खो बैठा सम्मान।
विश्वासों के गाँव में, सूना हर दालान।।
शब्द हुए जब खोखले, टूटा हर अरमान—
तभी कागजों पर टिके, रिश्ते और मकान।।
पहले केवल बोल से, बन जाते थे काम।
हाथ मिलाते लोग थे, मिलता था विश्राम।।
अब तो हर व्यवहार में, माँगे सब प्रमाण—
तभी कागजों पर टिके, रिश्ते और मकान।।
रिश्तों की बुनियाद थी, मन का सच्चा नेह।
स्वार्थों की आँधी चली, उड़ गया वह गेह।।
वचन हुए जब बिक गए, बिखर गया सब मान—
तभी कागजों पर टिके, रिश्ते और मकान।।
दे झूठे आश्वासन, बैठे लेकर स्थान।
सच को अक्सर मिल गया, केवल यूँ अपमान।।
टूट गए विश्वास जब, बदला सारा ज्ञान—
तभी कागज़ों पर टिके, रिश्ते और मकान।।
‘सौरभ’ जग की रीति पर, करता यही बयान।
सबसे ऊँचा आज भी, होता सच्चा मान।।
जुबाँ अगर पक्की रहे, अमर रहे इंसान—
नहीं कागजों पर टिकें, रिश्ते और मकान।।
मुकरे होंगे लोग कुछ, देकर कभी जुबान।
तभी कागजों पर टिके, रिश्ते और मकान।।







