राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
___________________
शायद कोई संदेश है अटल।
___________________
अपने लोकतंत्र की रक्षा के सम्मान में
सहमति असहमति का करते हुए सम्मान
अपनी स्वतंत्रता, नागरिकता की रक्षार्थ
मैं अपनी तमाम कविताओं के लिए
कुछ और-और अन्य नागरिकों के साथ
उलझते हुए, सुलझते हुए, कुछ-कुछ
कुछ और-और अन्य तरह और तरीकों से
समझते हुए, समझाते हुए, कुछ-कुछ
ख़तरे अभिव्यक्ति के उठाते हुए निरंतर
किसी न किसी अन्य बेहतर लोकतंत्र की
अपनी ही भाषा में करता रहता हूँ तलाश
जहाँ रहती हों असहमति की सहमतियाँ
हजारों फूल खिलते हों खुशी से जहाँ
हो नहीं एक ही फूल का खौलता आतंक
कोई परदा न हो, पहरा न हो, प्रहार न हो
जहाँ दूध के लिए हो नहीं ये मुनादी
कि वह बना रहे धोबी और धोता रहे मैल
एक व्याकुलता है जो चुभती है बार-बार
एक व्यग्रता है कुछ पाने, कुछ खोने की
एक तहलका है इस छोर से उस छोर तक
मैं बुनता हूँ जाना पहचाना-सा एकांत
मैं सुनता हूँ सन्नाटे में सुई जैसी कोई चीज
मैं ढूँढ़ता हूँ कलाओं के समीकरण में जादू
अभी-अभी जाहिर हुआ है सूने-वीराने में
कि ये झीनी-झीनी कमबख्त बारिश मुझे
अंदर से, बाहर से, सिरे से, कैसे धो जाती है
उधर वह जो एक मूर्ति रहती थी ताँबे की
रात को तो ठीक-ठाक थी और बराबर भी
सुबह अच्छे दिनों की सीमेंट हो जाती है
ये विचार में विकार के आग्रह की पुकार है
या फिर दुराग्रह का विकार ही विचार है
धर्म-दीक्षित लोमड़ियाँ हैं, चुराती हैं मुर्गियाँ
शायद कोई संदेश है अटल।
___________________
कम-कम हुआ जाता हूँ मैं।
___________________
पीने का पानी नहीं है शहर के लिए
और कमराबंद एसी में सोया है शहँशाह
चींटियाँ चुरा रहीं हैं, चाट रहीं हैं, राम-धन
बंदर उठा रहे हैं, फेंक रहे हैं, धर्म-शास्त्र
तिलचट्टे खोज रहे हैं, खा रहे हैं, निष्ठाएँ
संभावनाएँ तमाम-तमाम हो रही हैं गुम
ग़ायब है अच्छे दिनों का अच्छा वक्त
हासिल है कठिन दिनों की कठिन लाचारी
उड़नखटोले में उड़ रहा है फर्जी विश्वास
तथाकथित करुणा ने ओढ़ लिए हैं फूल
अंदेशा है तो आवरण नहीं, आचरण का है
बढ़ती जा रही है परछाई, उम्र और पीड़ाएँ
चित्र-विचित्र हुआ जाता है विकास का शो
विचार है कि बेदखल है अपनी जगह से
जैसेकि लोकतंत्र और स्वतंत्रताएँ इत्यादि
बचे नहीं हैं दो आँसू तक कि दे सकूँ शोक
एक आग है कि कदापि बुझती नहीं है
पहाड़ों, पर्वतों तक तलाशते रहते हुए पानी
कम-कम हुआ जाता हूँ मैं।
________________________







