डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
तेरी याद
तेरी याद जब भी जहाँ मुझको आए,
मोहब्ब्त की महफ़िल सँग में सजाए।
बहुत याद आये,बहुत याद आए।।
तेरी याद….
करूँ याद फिर से वो गुजरा ज़माना,
जहाँ से चला सिलसिला ये सुहाना।
तेरे सुर्ख़ होठों से मोहब्बत की बातें-
क़सम है ख़ुदा की न भूले भुलाए।।
बहुत याद आए….
वो पेड़ों के झुरमुट,नदी के किनारे,
तेरी मस्त नज़रों के बाँके इशारे।
तेरे गेसुवों के नरम -नरम साये-
क़सम है ख़ुदा की न भूले भुलाए।।
बहुत याद आए….
कभी तेरा छुपना,कभी खुल के मिलना,
कभी मेरी बाहों में सिमटना,लिपटना।
मिलन की घड़ी का नशीला वो आलम-
क़सम है ख़ुदा की न भूले भुलाए।।
बहुत याद आए…
लौट के फिर से आ जा हमदम हमारे,
मेरे चाँद-सूरज चमकते सितारे।
ज़िंदगी के अँधेरे में कर दो उजाला –
जंजाली दुनिया न अब मुझको भाए।।
बहुत याद आए……….।।









