ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
समय पर कक्षाओं में न पहुंचे तो प्राध्यापकों पर होगी सख्त कार्रवाई।
छात्र-छात्राओं की शिकायत पर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय ने उठाया सख्त कदम, हर महीने भेजी जाएगी रिपोर्ट।
अल्मोड़ाः सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में कक्षाओं में निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने वाले प्राध्यापकों के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रबंधन कार्रवाई करेगा।
छात्र-छात्राओं की शिकायत पर यह कदम उठाया गया है।एसएसजे विश्वविद्यालय के अधीन अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत परिसर आते हैं। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि प्राध्यापक कक्षाओं में निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते हैं, इससे उन्हें कक्षाओं में खाली बैठना पड़ता है।
कई बार तो प्राध्यापक कक्षाओं में पहुंते ही नहीं। जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छात्र हित में यह निर्णय लिया है।
चारों परिसरों में किसी विभाग के प्राध्यापक के अवकाश पर रहने की स्थिति में विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी कि वह प्राध्यापक की वैकल्पिक व्यवस्था करे।
परिसर प्रबंधन की ओर से समय समय पर सभी विभागों में संचालित कक्षाओं का औचक निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया है। इसके बाद निदेशक विश्वविद्यालय को प्राध्यापकों की मासिक रिपोर्ट भी देंगे।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति प्रो सतपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। कक्षाओं का संचालन समय सारणी के मुताबिक न होने पर संबंधित प्राध्यापकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।









