ब्यूरोः पंकज सीबी मिश्रा।
जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष्पीठाधीश्वर के सानिध्य में वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन शर्मा ‘शरण’ सम्मानित।
सम्मानों के क्रम में श्री चौरसिया ब्राह्मण समाज समिति द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन में जाने माने राष्ट्रीय पाक्षिक समाचार पत्र उत्कर्ष मेल के ख्यातिलब्ध संपादक पंडित मनमोहन शर्मा शरण को 23 मार्च रविवार को नई दिल्ली के एनडीएमसी सभागार, 15 संसद मार्ग, से जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष्पीठाधीश्वर अनंत विभूषित स्वामी देवादित्यानंद महाराज की अध्यक्षता में सम्मानित किया गया। सर्वाधिक प्रतिष्ठित व्यक्तियों में, द्वापर में शिव क्षेत्र के परमाध्यक्ष, महानिर्वाणी अखाड़े के महंत 108 स्वामी कृष्णगिरि महाराज और आचार्य गोस्वामी प्रथमेश लाल महाराज ने अपनी उपस्थिति से मंच को गौरवान्वित किया। समन्वय समिति के मुख्य संयोजक इंजीनियर ओमप्रकाश वशिष्ठ, अध्यक्ष पं. श्रीनिवास शर्मा, स्वागत अध्यक्ष पं. परमेश्वर प्रसाद कौशिक सहित 16 सक्रिय सदस्यों की टीम ने कुशल प्रबंधन में सहयोग किया। महासम्मेलन में विचारणीय विषय जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया उनमें राष्ट्रीय ब्राह्मण आयोग का गठन, संविधान की धारा (30) का धारा (22) के अनुसार संशोधन अथवा समाप्ति, ‘युवा ब्राह्मण शिक्षा एवं रोजगार न्यास की स्थापना, ‘पुलिस-प्रशासन’ में राष्ट्रीय भर्ती हेतु निशुल्क कोचिंग, ‘सारस्वत बैंक’ की तर्ज पर बैंक स्थापना इत्यादि बिंदु मुख्य रहे । जनपद के पत्रकार और यूपी के मीडिया विश्लेषक पंकज सीबी मिश्रा ने महासम्मेलन के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि महासम्मेलन में अनेक ब्राह्मण श्रेष्ठ विभूतियों को मरणोपरांत भी सम्मानोपाधि प्रदान की गई जिनमें पं. हेमदेव शर्मा, पं. मांगेराम शर्मा, पं. इन्द्राज शर्मा, पं. जौहरीमल शर्मा, पं. लक्ष्मीनारायण शर्मा, पं. रमेश चन्द शर्मा ‘रामायणी’, पं. लेखराम शर्मा (नगलीगोधा-रेवाड़ी निवासी) मुख्य रहे। इनके परिवार जनों ने मंच पर इनका सम्मान प्राप्त किया। पं. रमेश चन्द शर्मा ‘रामायणी’ को रामचरित मानस के निस्वार्थ प्रचास-प्रसार एवं सामाजिक सेवाओं हेतु विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इन्हीं के नाम से दिल्ली नगर निगम द्वारा वर्ष 2016 में लाजवंती गार्डन स्थित मार्ग को ‘पं. रमेश चन्द शर्मा ‘रामायणी मार्ग’ गली न. 11 का नामकरण किया गया। इसके उपरान्त अनेक ब्राह्मण विभूतियों को राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया गया। जिनमें सेवानिवृत सत्र एवं जिला न्यायधीश पं. जयभगवान शर्मा , पं. दीपक अत्री (सेवानिवृत अस्टिटेंट कमांडेंट सी.आई.एस.एफ.) तथा अन्य प्रमुख रहे । पत्रकारिता एवं साहित्य जगत में उल्लेखनीय योगदान के निमित्त पं. मनमोहन शर्मा ‘शरण’ को जगद्गुरु शंकराचार्य ने ‘प्रबुद्ध ब्राह्मण गौरव सम्मान’ प्रदान किया। इसी अवसर पर संपादक मनमोहन शर्मा ‘शरण’ ने शंकराचार्य गुरुदेव तथा आचार्य गोस्वामी प्रथमेश लाल महाराज (जो वृंदावन से पधारे जिन्हें लड्डू गोपाल नाम से भी पुकारा जाता है) को अनुराधा प्रकाशन द्वारा प्रकाशित अन्तराष्ट्रीय साझा काव्य संकलन ‘राम से बड़ा राम का नाम’ की एक-एक प्रति भेंट की। प्रथमेश महाराज ने सभी सहभागी लेखकों को बधाई जी और वृन्दावन आने का निमन्त्रण दिया। सफल आयोजन की सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। कायक्रम के आरम्भ में जलपान तथा समापन पर स्वरुचि भोज की व्यवस्था भी गई । गरीब ब्राह्मण समाज के उत्थान को लेकर सक्रिय रहने वाली संस्था श्री चौरसिया ब्राह्मण समाज समिति ने समाजसेवा के क्षेत्र में अनेकाधिक कार्य किया है। संस्था के कार्य काफी सराहे गए है और समाज के उत्थान और आगे भविष्य के योजनाओं के विषय में जानकारी देते हुए पंडित मनमोहन शर्मा शरण ने बताया कि हम सबकी यह लोकप्रिय संस्था आगे भी ऐसे आयोजन करती रहेगी ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश जाए और लोग ज्यादा से ज्यादा एक दूसरे के मदद के लिए आगे आए।







