संवाददाता आगर-मालवा : गोवर्धन कुम्भकार।
‘‘राष्ट्रीय डेंगू दिवस“ मनाया, अपने आस-पास साफ-सफाई रखने की ली शपथ।
आगर-मालवा : 16 मई को स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। वर्ष-2025 के लिये डेंगू दिवस थीम ‘‘देखें, साफ करें, ढकें डेंगू को हराने के उपाय करें‘‘ को लेकर नागरिकों में जागरूकता लाने हेतु जिला स्तर से एक प्रचार रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता द्वारा कार्यालय प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ नागरिकों को डेंगू से बचाव हेतु अपनाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करेगा। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अपने आसपास साफ-सफाई रखने की शपथ ली गई।
विदित हो कि प्रतिवर्ष 16 मई को मानसून के मौसम से पहले डेंगू नियंत्रण हेतु संचालित गतिविधियों को तेज करने के लिए राष्ट्रीय डेंगू दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस में वैक्टर नियंत्रण एवं जनसमुदाय की सक्रिय भागीदारी पर केंद्रित है जो कि पूरे संक्रमण काल के दौरान सक्रिय रहता है। डेंगु एक बुखार है, जो डेन नामक वायरस से होता है। ये डेन-1, डेन-2, डेन-3, एवं डेन-4 प्रकार का होता है। यह वायरस अक्सर वर्षा ऋतु से सक्रिय रहकर शरद ऋतु एक एडीज मच्छर की सहायता से फैलता है। डेंगु का फैलाव एडीज नामक संक्रमित मादा मच्छर से होता हैं, यह मच्छर काले रंग का होता हैं एवं सफेद धब्बे होते हैं। जब मादा एडीज मच्छर रोगी व्यक्ति को काटती हैं तो खून से वायरस को ले लेती हैं। ऐसा संक्रमित मच्छर जब किसी स्वस्थ्य व्यक्ति को काटता हैं तो मनुष्य के शरीर में वायरस प्रवेश कर जाते है। इस प्रकार यह चक्र चलता रहता है।
जमा पानी में होती डेंगू मच्छर की उत्पत्ति
यह मच्छर घरों में साफ पानी से भरे कंटेनर जैसे कूलर, सीमेन्ट की टंकियाँ, अंडर ग्राउण्ड टैंक, बैरल, टायर, लेट्रिन में रखे मटके, बाल्टियाँ, घर की छतों पर अनुपयोगी सामान, टूटे-फूटे बर्तन, कप, मग, मटके, शीशीयॉ, पॉलीथीन आदि में जमा पानी में पैदा होता है। इसलिये जरूरी है कि घरों के आसपास बारिश का पानी जमा नहीं होने दे तथा घरों में 7 दिवस अधिक पानी बर्तनों में भरा नहीं रहे।
डेंगू के लक्षण
डेंगू में 2 से 7 दिन बुखार आना, सिर दर्द, मांस पेशियों में दर्द, जोड़ो में दर्द, आंखो के आसपास दर्द, खसरा के जैसे चकते/दाने छाती और हाथों में, गंभीर अवस्था में नाक, मसूड़ो, आंख आदि से खून का रिसाव होता है। इस प्रकार के लक्षण पाये जाने पर रोगी को तुरंत अपने नजदीकी शासकीय अस्पताल में जाकर खून की जांच करवाना चाहिए तथा डेंगू की पुष्टि होने पर समुचित उपचार लेना चाहिए।







