संवाददाता आगर मालवा बडौद : गोवर्धन कुम्भकार।
बड़ौद पुलिस ने बड़ी सफलता मिली…60 लाख की ड्रग्स की खेप और पिकअप की जब्त।
1155 किग्रा से ज्यादा डोडाचूरा जब्त, तीन आरोपियों को रंगेहाथों पकड़ा।
आगर मालवा बडौद : नशा माफियाओं पर बड़ौद पुलिस ने भी करारा वार किया है। उज्जैन रेंज में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत आगर जिले की बड़ौद पुलिस ने 11 क्विंटल 55 किलो 740 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर 3 तस्करों को रंगेहाथ धरदबोचा। यह खेप 65 लाख से ज्यादा की कीमत की थी, जिसे बोलेरो पिकअप से ले जाया जा रहा था।
पुलिस को 14 मई की दोपहर में सूचना मिली कि एक बिना नंबर की सफेद बोलेरो पिकअप, जिस पर पीली तिरपाल ढंकी है, खजूरी-बड़ौद बायपास से होकर भारी मात्रा में डोडाचूरा लेकर जा रही है। बिना समय गंवाए थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत तिवारी ने टीम के साथ नाकेबंदी की और कुछ ही देर में मदकोटा की ओर से आती संदिग्ध गाड़ी को रोक लिया गया। वाहन से रोडूलाल (45) पिता बद्रीलाल मालवीय निवासी एकता नगर, आगर, राहुल (23) पिता शिवलाल बागरी निवासी ग्राम चिकली गोयल और कमलेश (27) पिता बाबूलाल बागरी निवासी ग्राम गरबड़ा को धरदबोचा। गाड़ी की तलाशी में सामने आया कि यह कोई छोटी खेप नहीं थी, बल्कि गांव-गांव में जहर घोलने की बड़ी तैयारी थी।
पूछताछ में तस्करों के नाम के खुलासे की संभावना-पुलिस ने सफेद बोलेरो पिकअप वाहन से तीन आरोपियों के पास करीब 60 लाख का 11 क्विंटल 55 किलो 740 ग्राम डोडाचूरा, 5 लाख कीमत का बोलेरो पिकअप वाहन समेत कुल 65 लाख का माल जब्त हुआ। थाना बड़ौद में एनडीपीएस एक्ट की धारा में केस दर्ज किया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। तस्करी के इस नेटवर्क के अन्य लिंक तलाशे जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस गिरोह के तार देहात से लेकर शहर तक फैले हो सकते हैं। कार्रवाई में निरीक्षक कृष्णकांत तिवारी, सउनि रूपेश रावत, प्रआर प्रकाश मालवीय, अर्जुन बागड़ी, आरक्षक राहुल विश्वकर्मा, शुभम जोशी और भीम सिंह मालवीय की भूमिका रही। पुलिस टीम की सूझबूझ और मुस्तैदी ने नशे के इस बड़े खेल को फेल कर दिया।
तस्करों को नहीं छोड़ेंगे
नशे का धंधा करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं। अगली कार्रवाई और भी कड़ी होगी।
विनोदकुमार सिंह, एसपी, आगर







