संवाददाता आगर-मालवा : गोवर्धन कुम्भकार।
खुशियों की दास्ताँ : जिला आगर-मालवा में जलगंगा अभियान ने सूखते कूपों व खेतों में फूंकी जान।
गांवों में जल स्रोतों को एक नई ताकत प्रदान की है।
आगर-मालवा : वर्षा के जल को सहेजने हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेशव्यापी जल गंगा संवर्धन 30 मार्च से 30 जून के मध्य का चलाया गया। जल संवर्धन एवं संरक्षण की मंशा को लेकर चले जल गंगा संवर्धन अभियान-2025 ने जिले की चार जनपदों आगर, बडौद, नलखेड़ा एवं सुसनेर अंतर्गत आने वाले गांवों के जल स्रोतों को एक नई ताकत प्रदान की है।
अभियान अंतर्गत 1956 डग वेल रिचार्ज संरचनाओं के कार्य आरम्भ किए गए ये संरचना सूखते कूपों को पुनर्भरण में सार्थक मदद करेंगी, जिससे गर्मी में पेय जल आपूर्ति एवं किसानों को अपने खेतों में गर्मी के दिनों में पानी की कमी से होने वाले नुकसान की भरपाई संभव हो सकेगी। इसके साथ ही जिले की आगर जनपद में 176, बडौद में 209, नलखेड़ा में 127 एवं सुसनेर में 208 खेत तालाबों के कार्य आरम्भ किए गए साथ ही जिले भर में 146 मरम्मत योग्य जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार किया गया। जिसमें चेक डेम, स्टॉप डेम, कुएं एवं पुरानी बावड़ियां शामिल है, जो कि सूखे की स्थिति से जिले के किसानों को उबारने में मदद करेंगे। इस तरह से जिला आगर मालवा में जल गंगा संवर्धन अभियान एक वरदान के रूप में आरम्भ हुआ जिसके चलते आने वाले समय में जिले की ग्राम पंचायतों में जल संकट से उबरने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकेगी।







