हरी राम यादव, सूबेदार मेजर (आनरेरी)
वीरगति दिवस पर विशेष
ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव
सेना मेडल (मरणोपरांत)
“मैं ठीक-ठाक हूं। कारगिल में लड़ाई छिड़ गई है, मुझे पहाड़ों पर जाना पड़ रहा है। हम लोग वहां के लिए रवाना हो गए हैं, कोई भी दिल छोटा मत करना । डरने की कोई बात नहीं है, मेरे साथ पूरी यूनिट है । दुश्मनों को मारकर मैं वापस आऊंगा। यह शब्द 18 ग्रेनेडियर रेजिमेंट के वीर योद्धा योगेंद्र सिंह यादव की उस आखिरी चिट्ठी के हैं, जिसे उन्होंने कारगिल की जंग में जाने से पहले लिखी थी । पत्र में लिखे शब्दों से पता चलता है कि वह कितने निर्भीक साहसी और कर्तव्यनिष्ठ थे।
18 ग्रेनेडियर रेजिमेंट कश्मीर घाटी के मानसबल इलाके में तैनात थी । जब दोनों देशों में तनाव बढा तब 18 ग्रेनेडियर्स को नियंत्रण रेखा के साथ लगते द्रास सेक्टर में तैनात किया गया । उस समय इस बटालियन का नेतृत्व कर्नल कुशाल ठाकुर कर रहे थे । ग्रेनेडियर्स की यह यूनिट 56 माउंटेन ब्रिगेड के अंतर्गत तैनात थी। तोलोलिंग पर कब्जा करने के बाद, जिसमें पॉइंट 4590, तोलोलिंग टॉप, दक्षिण-पूर्व स्पर, दक्षिण स्पर, और इसके उत्तर में हंप शामिल थे । 14 जून 1999 तक अगली चुनौती थी पॉइंट 4875 और टाइगर हिल पर कब्जा करना। 192 माउंटेन ब्रिगेड को 18 ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट और 8 सिख की एक कंपनी के साथ टाइगर हिल पर कब्जा करने का कार्य सौंपा गया। 18 ग्रेनेडियर्स, पहले ही दो अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल आर विश्वनाथन और मेजर राजेश सिंह अधिकारी को खो चुकी थी।
टाइगर हिल द्रास क्षेत्र की मुख्य पहाड़ी है, यह लगभग उत्तर से दक्षिण तक 1000 मीटर और पश्चिम से पूर्व तक 2200 मीटर के क्षेत्र में फैली हुई है । पाकिस्तान सेना की 12वीं इंफेंट्री की करीब एक कंपनी इस पहाड़ी पर तैनात थी, दुश्मन लेह लद्दाख व सियाचीन ग्लेशियर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 1ए पर भारतीय सेना के आवागमन को बाधित कर रहा था इसलिए पहले दुश्मन को टाइगर हिल से भगाना जरूरी था। पूरी टाइगर हिल को कई छोटे छोटे लक्ष्यों में बांटा गया। इस पहाड़ी की बनावट अत्यधिक कठिन थी, कुछ जगहों पर 70-80 डिग्री तक की खड़ी चढ़ाई थी। टाइगर हिल पर दुश्मन को पूरी तरह से घेरने के लिए कमान अधिकारी कर्नल कुशाल ठाकुर ने चारों तरफ से आक्रमण करने का निर्णय लिया। टाइगर हिल पर 03 जुलाई 1999 को 2030 बजे हमला शुरू हुआ। 05 जुलाई के 0400 बजे तक, 18 ग्रेनेडियर्स और 8 सिख रेजिमेंट के सैनिक कई महत्वपूर्ण स्थानों पर कब्जा करने में सफल रहे और टाइगर हिल की चोटी पर बैठे दुश्मन को पूरी तरह से अलग थलग कर दिया।
04/05 जुलाई 1999 की रात को ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव की टुकड़ी को द्रास क्षेत्र में टाइगर हिल के पूर्वी मोर्चे पर हवलदार मदन लाल के नेतृत्व में आक्रमण करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी । कंपनी के आगामी हमले की सफलता इस सेक्शन की क्षमता पर निर्भर करती थी। भारी बाधाओं के बावजूद टीम ने ‘फायर सपोर्ट बेस’ स्थापित किया और निडर होकर दुश्मन पर पर्वतारोहण कौशल का उपयोग करते हुए चढ़ाई शुरू किया। 16,500 फीट की ऊँचाई पर बैठे दुश्मन की फ़ायरिंग का सामना करते हुए, ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव और उनके साथी छह घंटे में शिखर पर पहुँचने में कामयाब रहे। शिखर पर पहुंचकर टीम ने दुश्मन पर हमला बोल दिया। एकाएक हुए इस हमले से दुश्मन भौचक्का रह गया, उसे सँभलने का मौका नहीं मिला, दोंनो ओर से भयंकर गोलीबारी होने लगी। ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव दुश्मन पर कहर बनकर टूट पड़े। उन्होंने कई पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया । इस बीच दोनों ओर से हो रही गोलीबारी में ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए । घाव गहरा और तीव्र रक्तस्राव के कारण वह वीरगति को प्राप्त हो गए। ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव के साथ उनके दल के छह अन्य साथी भी वीरगति को प्राप्त हो गए । ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव को उनकी वीरता, कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत ‘सेना पदक’ से सम्मानित किया गया।
ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव का जन्म जनपद मेरठ की मवाना तहसील के गांव हस्तिनापुर में 01 मई 1970 को श्रीमती शकुन्तला देवी और श्री राम फल सिंह के यहाँ हुआ था। बचपन से ही सेना की वर्दी उन्हें आकर्षित करती रही और वह अपने इस जुनून का पीछा करते हुए 17 अक्टूबर 1988 को भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में भर्ती हुए। प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात उन्हें 18 ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में तैनात किया गया। सेना में सर्विस करने के कुछ वर्षों पश्चात उनका विवाह सुश्री उर्मिला कुमारी से हुआ। ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव के परिवार में उनके भाइयों के परिवार, उनकी पत्नी, बेटी ज्योति और दो बेटे संदीप तथा दीपक हैं।
ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव की वीरता और बलिदान को सदा सदा के लिए अमर बनाने के लिए उनके परिजनों ने अपनी पुश्तैनी जमीन में उनकी एक प्रतिमा का निर्माण करवाया है। बॉलीवुड ने आपरेशन विजय के पश्चात एल ओ सी कारगिल नाम की एक फिल्म बनाई है, इस फिल्म में ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव, सेना मेडल का किरदार अभिनेता आशुतोष राणा ने निभाया है।







