ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
उत्तराखंड की जरजर सड़कों से ठेकेदारों की बल्ले-बल्ले और जनता के हिस्से में टूटती सड़कें और दरकते पहाड़।
अल्मोड़ाः पहाड़ के तीन जिलों की लाइफ लाइन अल्मोड-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अल्मोड़ा से करीब तेरह किलोमीटर दूर क्वारब में आवाजाही काफी लंबे समय से खतरनाक बनी हुई है। क्वारब की समस्या को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का दर्द उभर कर बाहर आया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से ठेकेदारों के रहमो-करम पर निर्भर रह गया है। वह जमीन काट-कूट कर, माल इकट्ठा कर चले जाते हैं और जनता के हिस्से ये टूटती सड़कें और दरकते पहाड़ रह गए हैं, इन्ही पहाड़ों में जिंदगियां दब कर रह गई हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक्स पर ट्वीट कर क्वारब की समस्या पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सिस्टम की खामियों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा है कि अल्मोड़ा का यह दृश्य है जिसे कुछ लोगों ने मुझे भेजा है। इधर सड़कों को बेतरतीब तरीके से काटा गया है जिससे समस्या और बढ़ गई है और पहाड़ लगातार दरक रहे हैं।
हमने सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से ठेकेदारों के रहमो-करम पर छोड़ दिया है। वो आते हैं, पहाड़ काटकर और माल इकट्ठा कर चले जाते हैं।
पहाड़ों की सड़कों को हमने पूरी तरह से ठेकेदारों के, जेसीबी के, पोकलैंड मशीनों और बिस्फोटकों के हवाले कर दिया है जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।
इधर सोमवार को भी उक्त स्थान पर वाहनों की आवाजाही रुक रुक चली, जिससे इस रोड पर चलने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।









