ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
नगर में बंदरों की समस्या पर प्रशासन की दोहरी नीति, नहीं हो रही है उचित कार्रवाई।
अल्मोड़ाः नगर क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से कृत्रिम रूप से छोड़े जा रहे तमाम कटखने बंदरों की समस्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है।आए दिन घरों में,राह चलते बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों पर हमला कर रहे हैं और घरों, दुकानों पर नुकसान के साथ साथ फसलों को भी उजाड़ रहे हैं।इस संबंध में बहुत समय से वन विभाग, शासन व प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। हैरानी की बात यह है कि यह संवेदनशील मामला 6जून 2025को शिकायत संख्या 62025876870 के अंतर्गत कुमाऊं आयुक्त को भेजा गया था,जिसे संबंधित कार्यवाही हेतु नगर निगम को प्रेषित किया गया, परंतु नगर निगम में आज तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। शासन ने नगर निगम को निर्देश दिए हैं कि बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी नगर निगम की है और वन विभाग इसमें सहयोग करेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने इस विषय को कई बार बड़ी गंभीरता से शासन, प्रशासन व संबंधित विभाग के सामने रखा है। उन्होंने न केवल प्रशासन को जगाया है बल्कि वन विभाग से लगातार संपर्क स्थापित कर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया है। उनके अथक प्रयासों से ही वन विभाग अब कुछ हद तक जाग रहा है और अपने सभी अधिकारियों को चेकपोस्टों पर वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। जिससे नगर में कृत्रिम रूप से छोड़े जा रहे बंदरों को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 30जुलाई 2025 को प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजा है कि पुलिस विभाग भी इस दिशा में आवश्यक सहयोग दे।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं निकला गया तो वे नगर निगम व जिलाधिकारी अल्मोड़ा के खिलाफ जनहित याचिका दायर करने को मजबूर होंगे।








