ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः उत्तरकाशी धराली की आपदा के बाद मदमहेश्वर व तुंगनाथ घाटियों के साथ कार्तिक स्वामी का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गयी है। धराली की बाद के बाद यहा के तीर्थ व पर्यटन स्थलों में पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों, सैलानियों व प्रकृति प्रेमियों की आवाजाही में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। उत्तरकाशी धराली की आपदा के बाद तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों की आवाजाही में भारी गिरावट आने से इन दिनो गुलजार रहने वाले यात्रा पडा़वो पर सन्नाटा पसरा हुआ है। बता दे कि शिव के पवित्र सावन मास में द्वितीय केदार मदमहेश्वर धाम, तृतीय केदार तुंगनाथ धाम व कार्तिक स्वामी तीर्थ मेें शिव भक्तों का तांता लगा रहता था मगर धराली की आपदा के बाद इन तीर्थो में शिव भक्तों आवाजाही में भारी गिरावट देखने को मिल रही है तथा सभी धामो सहित यात्रा पडा़वों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकारी देते हुए गौण्डार गाँव निवासी विजय सिंह पंवार ने बताया कि प्रशासन द्वारा मदमहेश्वर धाम की यात्रा पर रोक लगाने से विगत दो दिनो से मदमहेश्वर धाम सहित यात्रा पड़ावो पर तीर्थ यात्रियों की आवाजाही न होने से सन्नाटा पसरा हुआ है। बनातोली के व्यापारी बीरबल बिष्ट ने बताया कि धराली आपदा के बाद तीर्थ यात्रियों की आवाजाही मे भारी गिरावट आई है। तुंगनाथ धाम के प्रबन्धक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि सावन मास में तुंगनाथ धाम सहित यात्रा पड़ावों पर शिव भक्तों का तांता लगा रहता था मगर धराली की आपदा के बाद प्रतिदिन 10 से 12 स्थानीय तीर्थ यात्री ही तुंगनाथ धाम पहुंच रहे है जिससे तुंगनाथ घाटी का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो रहा है। कार्तिक स्वामी के व्यापारी चयन सिंह नेगी ने बताया कि उत्तरकाशी की आपदा के बाद तीर्थ यात्रियों का आवागमन बहुत कम हो गया है तथा यात्रा पड़ाव वीरान पडे हुए है। मदमहेश्वर घाटी रासी के होटल स्वामी जगत सिंह पंवार ने बताया कि धराली आपदा के बाद मदमहेश्वर घाटी का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है ।
देवरियाताल महोत्सव स्थगित।
ऊखीमठः आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पर्यटक स्थल देवरियाताल मे लगने वाले मेले को उत्तरकाशी धराली की आपदा के कारण स्थगित कर दिया गया है। जानकारी देते हुए देवरियाताल विकास महोत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष योगेन्द्र नेगी ने बताया कि आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देवरियाताल मेें लगने वाले भव्य मेले को उत्तरकाशी धराली की आपदा के कारण स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर समिति व तीनो उप समितियों के पदाधिकारियों द्वारा पर्यटक स्थल देवरियाताल में सादगी से नाग राजा की पूजा कर युगों से चली आ रही परम्परा को जीवित रखा जायेगा तथा ऊखीमठ, सारी व मनसूना से देवरियाताल पहुंचने वाली झाकियों व देवरियाताल में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थगित कर दिये गये है।







