ब्यूरो रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
भगवती कालिंका ने चतुर्थ केदार रुद्रनाथ से की भेंट
भक्तों के लिए रोमांच भरी रही
घने जंगलों के मध्य से 16 किमी गुजर कर अपने आराध्य देव शिव को मिली भगवती।
ज्योर्तिमठः भगवती कालिंका मेदयूल धार देवी की रथ यात्रा पंच केदार के चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ धाम की यात्रा कर डोली डुमक, कलगोठ, गीरा, वांसा होकर उर्गम स्थित घंटाकर्ण मंदिर में प्रथम चरण की यात्रा के तहत पहुंची। भगवती ने जहां अपने आराध्य देव शंकर भगवान रुद्रनाथ के दर्शन किए, वहीं अपनी दिशा ध्याणियों को आशीर्वाद दिया। वापस लौटते समय भगवती ने आश्वस्त किया कि जल्दी ही कुछ दिन के प्रवास के लिए लौट कर उनके गांव आऊंगी। अश्रु भरे नेत्रों से माता बहनों ने भगवती को विदाई दी। रुद्रनाथ हिमालय जाने के लिए अति दुर्गम एवं कठिन जंगलों के बीच होकर रुद्रनाथ पहुंचना पड़ता है। भगवती की इस यात्रा को दो पड़ाव के बाद तीसरी पड़ाव में रुद्रनाथ पहुंचना पड़ा। यह यात्रा पारंपरिक रूप से भरकी गांव से प्रारंभ होती है। कल्पेश्वर होते हुए घंटाकर्ण मंदिर में क्षेत्रपाल को आशीर्वाद देते हुए भगवती वांसा गांव पहुंची। वहां रात्रि विश्राम दो दिन तक हुआ। उसके बाद भगवती ने डुमक गांव में वजीर देवता (वीरभद्र) के मंदिर में विश्राम किया और यहां के लोगों ने भव्य स्वागत किया। उनकी आज्ञा से रुद्र हिमालय की यात्रा प्रस्थान की गई। लगभग 16 किलोमीटर घने जंगलों के मध्य से डोली यात्रा के लिए पहुंची। रुद्रनाथ में वहां के पुजारी संदीप तिवारी ने देवी का स्वागत सत्कार किया और भत्ता भी दिया। यहां रुद्रनाथ के पूर्व पुजारी कथावाचक महादेव भट्ट के द्वारा भंडारे की व्यवस्था भी की गई थी। रुद्रनाथ मंदिर के दर्शन के बाद डोली उर्गम के घंटाकर्ण मंदिर पहुंची। अब यात्रा सलना गांव पहुंचेगी। जहां भगवती की रथ यात्रा में रात्रि के समय में मुखौटा नृत्य का मंचन किया जाता है जिसमें धार्मिक संस्कृति और स्थानीय बोली भाषा का प्रयोग किया जाता है। लोक संवाद वहां की जो आंखों देख हाल दिखते हैं, उसको नारद मुनि के द्वारा व्यक्त किया जाता है। इसका मुख्य किरदार ढोल वादक होता है जिसे भान कहा जाता है। 12 से 14 के लगभग मुखोटो का मंचन इसमें किया जाता है। दिन के समय में देवी की डोलियों का नृत्य संपन्न होता है और रात्रि के समय में हास्य व्यंग्यात्मक तरीके से लोगों का मनोरंजन भी किया जाता है। इस यात्रा के दौरान लोगों ने जगह-जगह पर देवी रथ यात्रा का भव्य रूप से स्वागत सत्कार किया जिसमें डुमक (रवीट) कलगोठ, 
जखुडा, वांसा उर्गम आदि थे।








