संवाददाता अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय)
अंकिता हत्याकांड की सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच की जाए: तिवारी।
बोले, अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पांच को करेगी प्रदर्शन।
अल्मोड़ाः विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के लिए कलंक है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए। अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पांच जनवरी को अल्मोड़ा में प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस पार्टी कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने सरकार पर भाजपा के प्रभावशाली नेता को बचाने के लिए घटना स्थल पर मशीन चला कर सबूतों को मिटाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला अपराध बढ़े हैं, लेकिन सरकार इसे लेकर उदासीन है। भ्रष्टाचार चरम पर है।उन्होंने कहा कि अंकिता की हत्या के समय ही भाजपा के एक प्रभावशाली नेता की संलिप्तता के चर्चे थे। सरकार ने उसे बचाने के लिए गैर कानूनी तरीके से होटल और अंकिता के कमरे को तोड़ दिया, ताकि सबूत नष्ट कर वीआईपी को बचाया जा सके। इस मामले में भाजपा के पूर्व विधायक की कथित पत्नी ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेता दुष्यंत गौतम पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस मामले की सरकार से सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच करने की मांग की। वहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, युकां अध्यक्ष दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।
———————————-
वैज्ञानिकों और कार्मिकों ने 12 स्थानों का भ्रमण कर जगाई स्वच्छता की अलख
वीपीकेएएस ने वर्ष 2025 में कई उपलब्धियां हासिल की: डॉ. लक्ष्मी
अल्मोड़ाः विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) के 16 से 31 दिसंबर तक चले वर्ष के अंतिम स्वच्छता ही सेवा अभियान के दौरान संस्थान के वैज्ञानिकों और कार्मिकों ने 12 स्थलों का भ्रमण कर वहां के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसमें 1240 लोगों की सहभागिता रही।
संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत ने संस्थान के अल्मोड़ा परिसर में हुई प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन के लिए अपशिष्ट का होना स्वाभाविक है, लेकिन अत्यधिक कचरा आज एक गंभीर समस्या का रूप ले रहा है। ऐसे में सभी का दायित्व है कि कूड़े के उत्सर्जन को यथासंभव कम करें।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में संस्थान ने कई उपलब्धियां हासिल की। कुल सात प्रजातियां (मक्का में वीएल लौफी, वीएल सुपोषिता, वीएल मधुबाला, वीएल त्रिपोशी, वीएल पोषिका, मडुआ में वीएल मडुआ 410 तथा सब्जी मटर में वीएल श्रेष्ठा) जारी और अधिसूचित, अधिसूचना के लिए संस्तुत की गईं। काले सोयाबीन की प्रजाति वीएल भट 202 की खेती के लिए अनुशंसित अधिसूचित क्षेत्र का विस्तार हिमाचल प्रदेश तक किया गया। बीज उत्पादन के क्षेत्र में 13 फसलों की 38 जारी किस्मों, इनब्रेड्स का कुल 140.04 क्विंटल प्रजनक बीज उत्पादन किया गया, जिसमें से 110.105 क्विंटल बीज आगे गुणन के लिए बीज उत्पादक एजेंसियों को उपलब्ध कराया गया। संस्थान ने 26 प्रशिक्षण कार्यक्रम और सात भ्रमण आयोजित किए गए, जिनसे 916 कृषक और अधिकारी लाभान्वित हुए। स्वच्छता नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान वहां फसल सुधार प्रभागाध्यक्ष डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ, फसल सुरक्षा प्रभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत मिश्रा, फसल उत्पादन प्रभागाध्यक्ष डॉ. बृज मोहन पांडेय, सामाजिक विज्ञान अनुभागाध्यक्ष डॉ. कुशाग्रा जोशी आदि मौजूद रहे।
———
विद्यार्थियों को विभिन्न कॅरियर विकल्पों की जानकारी दी
अल्मोड़ाः पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग में पीएम श्री योजना के तहत गाइडेंस और काउंसलिंग कार्यशाला हुई। अपना रास्ता जानें विषय पर मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता खंड शिक्षाधिकारी हरीश सिंह रौतेला ने विद्यार्थियों को विभिन्न कॅरियर विकल्पों, सरकारी, निजी और स्वरोजगार के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपना एक लक्ष्य बनाकर उसके लिए निरंतर प्रयास करने को कहा। कार्यक्रम में बोलते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल ने विद्यार्थियों को करियर ट्री के माध्यम से अपना लक्ष्य चुनने और परिश्रम कर उसे प्राप्त करने को कहा। जीआईसी चौरा हवालबाग के प्रधानाचार्य नवनीत कुमार पांडे ने कहा कि विद्यार्थी आत्म विश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए तैयारी करें। वहां पीटीए अध्यक्षा गंगा देवी, संजय पांडे, प्रदीप सलाल, निर्मल कुमार पंत, धन सिंह धौनी, प्रमोद पांडे, कमलेश जोशी, भगवत बगडवाल, भावना वर्मा, हिमांती टम्टा, योगिता तिवारी, रेखा आर्या, विक्रम चंद्र, प्रीति लोहनी आदि मौजूद रहे। संचालन सुनीता बोरा ने किया।









