सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
“भलाई की चमक कभी फीकी नहीं पड़ती; ‘सब मंगल होगा’—यही उस परम् सत्ता का अटूट सत्य है” — सुश्री सरोज कंसारी।
————————————-
हमारी आत्मा की महानता इसी में निहित है कि वह अपमान को भी धैर्य और गरिमा के साथ स्वीकार कर ले। धर्म कभी भी किसी को तोड़ता नहीं, अपितु वह तो मनुष्य को शांत, संयमित और विनम्र बनाकर उसमें ‘सेवक’ के भाव जाग्रत कर देता है। इस कठोर और संवेदनहीन संसार में, एक संवेदनशील व्यक्ति की भावुकता कोई दोष नहीं, अपितु मानवता का अमूल्य आभूषण है। वह हृदय जो कोमल भावनाओं से रिक्त है, मात्र एक पाषाण अथवा चेतनाहीन प्राणी के तुल्य है। धर्म एक अथाह सागर है, जिसमें डुबकी लगाने से मन के समस्त विकार स्वतः ही धुल जाते हैं और एक शुद्ध, निर्मल व सात्विक विचारधारा का जन्म होता है। इसे ही आस्था, विश्वास और श्रद्धा का मार्ग कहते हैं। यों तो जीवन में चलने के लिए कई रास्ते हैं और हर राह की अपनी एक मंजिल है, किंतु भक्ति में वह विलक्षण शक्ति होती है जहाँ आत्मा तृप्त होती है, असीम सुकून मिलता है और वास्तविक आनंद की अनुभूति होती है। आज जब हम सुख की तलाश में निकलते हैं, तो पग-पग पर ऐसे अनगिनत लोग मिलते हैं जो दुखों के जाल में लिपटे होते हैं। उनकी व्यथा रूह को झकझोर कर रख देती है और हमें यह सोचने पर विवश करती है कि कैसे लोग जीवन के इस भारी बोझ का निर्वहन कर रहे हैं? कहने को तो सब अपने हैं, किंतु जब सत्य से सामना होता है और कोई हृदय की गहराइयों से अपनी मर्मस्पर्शी कहानी सुनाता है, तब पता चलता है कि जब दुख की अति होती है, तो हृदय की पीड़ा ‘आह’ बनकर फूट पड़ती है। जब कोई उन्हें आत्मीयता से स्पर्श करता है, तो बहती आंसुओं की धारा उनकी व्यथा को बयां कर देती है। सांसारिक विडंबनाओं और अपनों के छल-कपट, बैर, लालच व ईर्ष्या-द्वेष से अंतरात्मा कितनी आहत होती है, यह शब्दों में कहना कठिन है। हम अपने मन की शांति के लिए धर्मशास्त्र, गीता-ज्ञान और रामायण, महाभारत और संतों के अमृत वचनों का श्रवण करते हैं। कुछ देर के लिए ही सही, ईश्वर का ध्यान करने से हमें असीम मानसिक आनंद की प्राप्ति होती है। किंतु, इसी समाज में आज भी कई लोग अत्यंत दुखी, बेबस और असहाय अवस्था में जी रहे हैं, जिनकी आँखें इस आस में निहारती रहती हैं कि काश! कोई आए और उनके व्याकुल मन की अनंत वेदना को सुन ले। वास्तव में, एक मनुष्य होने के नाते हमारा यह परम कर्तव्य है कि हम दूसरों की तकलीफ को महसूस कर सकें। किंतु विडंबना यह है कि आधुनिकता के इस नए दौर में कदम रखते हुए और स्वयं पर आधुनिकता का लिबास ओढ़कर हम संवेदनाओं से शून्य होते जा रहे हैं। हम अपने जीवन की आपाधापी में इतने व्यस्त हो चुके हैं कि हमें यह बोध ही नहीं होता कि कब हम अपने ही हाथों से बनाए रिश्तों के उस आशियाने को बिखेर देते हैं, जिसे सजाने में सदियों का समय लगा था। आज लोग चंद स्वार्थ और लालच के कारण बहस-विवाद और बंटवारे का सहारा लेकर रिश्तों की मजबूत कड़ियों को तोड़ रहे हैं। गली-मोहल्लों और सड़कों पर ऐसे अनेक लोग मिल जाएंगे जो अपनों के दुर्व्यवहार, तानो और प्रताड़ना के कारण ठुकराए हुए हैं। विडंबना देखिए कि अपनो के रहते हुए भी कई बुजुर्ग तन्हा जीवन बिताने को मजबूर हैं क्योंकि आज की पीढ़ी को उनकी देखभाल बोझ लगती है। लोग बाहर बड़े दानदाता बनकर अपनी पहचान बनाते हैं, किंतु घर के सदस्य भूखे सो रहे हैं। पालतू जीवों पर हजारों खर्च करने वालों को अपनो को दो वक्त की रोटी देने में भी कष्ट होता है। जो अपनो को सम्मान नहीं देते, वे समाज में स्वयं को सबसे प्रतिष्ठित दिखाते हैं।
किसी का दिल दुखाकर या अपनो से गलत व्यवहार करके की गई ईश्वर की आराधना कभी सफल नहीं होती…विश्वास तोड़कर और किसी की मजबूरी का फायदा उठाकर की गई प्रार्थना ईश्वर स्वीकार नहीं करते। धर्म से जुड़ने से पहले आज अपनों से जुड़ना और रिश्तों को संजोना अनिवार्य है। किसी निर्दोष को मानसिक या शारीरिक कष्ट देना घोर पाप है। हर किसी को कर्मों के अनुसार ही फल मिलता है। आज हर घर में पारिवारिक भाव लुप्त हो रहे हैं और टूटने-रूठने का सिलसिला बढ़ रहा है। धर्म एक ही बिंदु पर मिलने वाले अलग-अलग रास्ते हैं। जब संसारिक क्रियाओं, बाह्य आडंबर से युक्त नियम-परम्पराओं से मन विचलित होने लगता है, तो इंसान सुख की प्राप्ति के लिए धर्म-कर्म के लिए उत्सुक होते हैं और अपनी जीवन की धारा को भक्तिभाव, सत्संग, सदविचार की तरफ मोड़ लेते हैं। धर्म में जाने के लिए पहले उसे समझना जरूरी है। हर वह कार्य जो आत्म-कल्याण के लिए हो, जिससे हृदय में नई ऊर्जा का संचार हो, बुराई समाप्त हो जाए, मन में हर किसी के लिए अच्छी सोच हो, मन, वचन और कर्म से किसी को नुकसान न हो। प्रेम ही एकमात्र ध्येय हो, अमीर-गरीब का भेद न हो, दंगे, लूट-डकैती, षडयंत्र न हों। आज हम विभिन्न जाति-मजहब, संप्रदाय में बंटे हुए हैं, लेकिन उद्देश्य एक ही है – अपने आराध्य का स्मरण, अच्छी सोच का विकास, कल्याणकारी भाव, अपनो की सुरक्षा, भाईचारे का भाव। कोई भी धर्म गलत राह नहीं बताता, लेकिन हम इंसान होकर क्यों समझ नहीं पाते? धर्म अर्थात् – धारण करना, मोहमाया और संसारिक सुख से ऊपर उठकर मानवता के कल्याण में सहयोग करना, पुण्य कर्म करना और लाभ-हानि से परे हो जाना। “यदि घर में कोई बुजुर्ग रुग्ण (बीमार) है और उन्हें आपकी सेवा व देखभाल की महती आवश्यकता है, परन्तु, आप उन्हें असहाय छोड़कर प्रवचन सुनने जाते हैं, तो वह भक्ति व्यर्थ है। जिस घर में निरंतर कलह व्याप्त हो, जहाँ बड़ों के प्रति सम्मान और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता न हो, जहाँ अपनो के बीच मधुर संवाद और सामंजस्य का अभाव हो, वहाँ धर्म का वास कभी नहीं हो सकता। अपनी जिम्मेदारियों से विमुख होकर और अपने कुटिल व्यवहार से परिजनों को कष्ट पहुँचाकर यदि आप प्रतिदिन मंदिर में जल, पुष्प और प्रसाद अर्पित करते हैं और केवल स्वयं के लिए सुख की कामना करते हैं, तो आप किस श्रेणी के व्यक्ति हैं? इसका मूल्यांकन स्वयं करें। जब तक व्यवहार में सादगी, शालीनता और सबको साथ लेकर चलने का सद्गुण न हो, तब तक आप वास्तव में धार्मिक नहीं कहला सकते और न ही कभी वास्तविक आंतरिक प्रसन्नता का अनुभव कर पाएंगे। याद रखें, धर्म की राह में बाह्य आडंबर और दिखावे का कोई स्थान नहीं है, वहाँ केवल आत्मीयता और निष्काम सेवा ही सर्वोपरि है, और सदैव रहेगी।
————————————–







