ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
आगामी हाई स्कूल व इंटर मीडिएट की परीक्षाओं को सुरक्षित ढंग सम्पन्न कराने के लिए किए गए हैं पुख्ता इंतजाम।
अल्मोड़ा: परगना मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा संजय कुमार ने बताया गया है आगामी 21 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर नैनीताल द्वारा आयोजित हाई स्कूल व इंटर मीडिएट की बोर्ड परीक्षा 2026 समपन्न होनी है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफलतापूर्वक संचालन में कतिपय असामाजिक एवं अवांछनीय तत्वों द्वारा साम्प्रदायिक या अन्य किसी भी प्रकार की शांतिभंग जैसी बाधा उत्पन्न न कर सकें, इसके परिपेक्ष में प्रभावी निरोधात्मक इंतजाम तत्काल एवं अनिवार्य रूप से किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में परीक्षा के सम्पादन में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम 2023 की धारा 163 के प्रावधानों के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के 100 गज की परिधि के अंदर अस्त्र-शस्त्र,अग्नेयशस्त्र, धारदार हथियार,लाठी डंडे लेकर नहीं चलेगा। किंतु यह नियम सुरक्षा बलों, शांति व्यवस्था में लगे कर्मियों, अर्द्धसैनिक बलों पर लागू नहीं होगा। परीक्षा केंद्रों के 100मीटर की परिधि के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति की प्रविष्टि निषिद्ध होगी, किन्तु यह आदेश परीक्षार्थियों एवं शांति व्यवस्था में तैनात पुलिस बल, परीक्षा केन्द्र में ड्यूटी पर तैनात प्राधिकृत व्यक्ति पर प्रतिबंध नहीं होगा। कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्रों की 100 गज की परिधि के अंदर ईंट, पत्थर, रोड़े या फेंक कर मारी जाने वाली वस्तुओं को एकत्रित नहीं कर सकेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोग झुण्ड बनाकर एकत्रित नहीं हो सकेंगे। बिना किसी अनुमति के कोई भी व्यक्ति परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारण यंत्र का प्रयोग नहीं करेगा।
यह आदेश परीक्षा केंद्रों में 21 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक यानी परीक्षा के प्रारंभ से परीक्षा संपन्न होने की तिथि तक प्रभावी रहेगा, बशर्ते कि इससे पूर्व इसे निरस्त न कर दिया जाये। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति इस आदेश का उलंघन करेगा तो उसका यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता 2023की धारा 223के अंतर्गत दंडनीय अपराध होगा।








