ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
जनपद के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जाएगा विभिन्न वादों का निस्तारण।
अल्मोड़ा: जिले के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होने जा रही है जिसमें विभिन्न वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया जा सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की सचिव सुश्री शचि शर्मा द्वारा जनता से अपील की गई है कि जो भी व्यक्ति अपने मामले को राष्ट्रीय लोक अदालत,जो कि 14मार्च2026 को आयोजित होने वाली है के माध्यम से निस्तारण कराना चाहते हैं वे अपना मामला राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि से एक दिवस पूर्व तक भी किसी भी कार्य दिवस में संबंधित न्यायालय में स्वयं अथवा अधिवक्ता के माध्यम से आवेदन कर नियत कर सकते हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में केवल वही वाद नियत किए जाते हैं जिनका निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर विधि अनुसार किया जा सकता है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के विषय में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि न्यायालय में कोर्ट फीस जमा की जा चुकी है तो पक्षकार द्वारा जमा की गई कोर्ट फीस पूर्ण रूप से वापस की जाती है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा बताया गया कि निम्न मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जा सकता है, जिनमें प्रमुख हैं- फौजदारी समनीय मामले (जिनमें कानूनी रूप से राजीनामा हो सके), लेबर एवं नियोजन के विवाद, पैसे के लेनदेन के मामले, विवाह से संबंधित पति-पत्नी के विवाद (तलाक के मामले को छोड़कर), अन्य दीवानी मामले जैसे किरायेदार,व्यादेश,विनिर्दिष्ट अनुपालन आदि के मामले, चैक बाउंस के मामले, मोटर एक्सीडेंट के मामले, बिजली पानी के बिलों के मामले (शमनीय), भूमि अधिग्रहण के मामले (जो जिला न्यायालय में लंबित हों), उपभोक्ता फोरम ने लंबित वाद, मोटर वाहन अधिनियम के अधीन शमनीय प्रकृति के ट्रैफिक चालान के अलावा ऐसे मामले भी निस्तारित किए जाएंगे जो अभी अदालत में आए ही नहीं, जैसे-चैक बाउंस के विवाद, पैसे के लेनदेन का विवाद,लेबर एवं नियोजन का विवाद, बिजली पानी तथा फोन के बिलों बिलों का विवाद, भरण-पोषण विवाद, अन्य फौजदारी (शमनीय) एवं दीवानी विवाद आदि शामिल हैं।








