लेखिका/कवयित्री
सुश्री सरोज कंसारी
नवापारा राजिम
छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख
आत्मविश्वास का आधार: अपनी कमियों को अपनी ताकत में बदलना – सुश्री सरोज कंसारी।
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬
‘हर दिन कुछ नया सीखना, पढ़ना और फिर लिखना… खुद के लिए एक उपहार है। कुछ स्मृतियाँ अक्सर चुभती हैं, पर यथार्थ का सामना करना ही जीवन का सत्य है। बस, इसी तरह खुद को गढ़ते जाना है।’
यदि जीवन में सुकून चाहते हैं तो मत सोचते रहिए कि कौन आपसे खुश या दुखी हैं। जो दिल को अच्छा लगे उसे करते रहिए। ज्यादा फिक्र आपको अंदर से व्याकुल करती है, इसलिए ज्यादा समझौता से बचिए। जीवन में कुछ कर गुजरने की क्षमता का विकास करते रहिए। अपनी कमियों पर अफसोस करने की बजाय चिंतन कर उन्हें दूर करिए। आंसुओं के समंदर में भींगकर खुद को गमगीन मत कीजिए। टुकड़ों में जीवन मत गुजारिए। खुद को कष्ट देकर किसी को खुश रखने की कल्पना व्यर्थ है। किसी के इशारे पर नाचते मत रहिए। अपने सपनों, रुचि और ख्वाहिश के लिए जीना शुरू कीजिए। जीवन में अगर खुश रहना है तो सबसे पहले बुरा मानना छोड़िए। आपकी ज़िन्दगी इतनी सस्ती नहीं होनी चाहिए कि किसी के कहने से ही आप दुखी हो जाएं, कोई कह दे और आप वैसे ही बन जाएं। आप एक शक्तिवान, प्रबल और ओजस्वी जीवित आत्मा हैं…। चाहे कोई भी रिश्ता हो, उतना ही निभाइए जितना जरूरी है। किसी के आगे बिना गलती कभी घुटने मत टेकिए। उम्मीद रखिए खुद से और इतना आत्मविश्वास भरिए कि जीवन में मिलने वाले क्रोध, असफलता, दर्द और हर तरह के अंतरयुद्ध का सामना भी सहजता से कर सकें। अपना सरल स्वभाव कभी मत बदलिए, चाहे कोई आपसे कैसा भी व्यवहार करे। जीवन के पथ पर हमेशा अच्छे लोग और माहौल ही मिले, यह जरूरी नहीं। कभी अपने स्वार्थ के लिए लोग आपके जीवन की सुख-शांति भी छीन लेते हैं, आपको अपमानित करने, चिढ़ाने, रुलाने और गिराने जैसी गिरी हुई हरकत करने में भी उन्हें कोई संकोच नहीं होता। करने की ताकत आप स्वयं हैं, जो देखते, सुनते, सोचते और महसूस करते हैं, वही महत्वपूर्ण है। बस आपके एहसास कभी शून्य न हों। कोई व्यक्ति आपको बदल नहीं सकता, आपके ऊपर है कि आप खुद को कैसे नियंत्रित करते हैं। बात-बात पर रोने, शिकायत करने, उदास होने से आप निर्बल बनते हैं, इसलिए जो आपको खुशी दे, उस कार्य को महत्व दीजिए। आप सही कार्य में इतना समय खर्च करिए कि बेवजह के लोग और सोच आपसे स्वमेव दूरी बना लें। आपमें जो है, उसे बेहतर बनाते रहिए, पर जो नहीं है, उसे दिखाने में समय व्यर्थ मत कीजिए। अपनी कमी और खूबी पर ध्यान दीजिए। खुद को कभी झूठा आश्वासन मत दीजिए। बस जो हैं, उसे अपनाइए। जब हम किसी को प्रभावित करने के लिए बनावटी चोला ओढ़ लेते हैं, तब जो सच में हैं, उस पर मेहनत नहीं कर पाते, अपने मूल स्वभाव और कार्य से भटक जाते हैं, जिससे हमें हानि ही होती है। समस्याओं को सहज होकर समाधान कीजिए। छोटी-छोटी बातों से परेशान मत रहिए, बड़ी से बड़ी मुश्किलों को पार करने के लिए तैयार रहिए। जीवन आकस्मिक घटना है, जिसका पूर्व ज्ञान नहीं होता, समय के साथ जीवन में कई बातें होती हैं। हमें हर पग पर पूरे-पूरे उत्साह के साथ बढ़ना है। भलाई का कोई रूप नहीं होता, पर आपके जीवन में असीम खुशियों का आधार है। निस्वार्थ भाव से हर वो काम करते रहिए, जिससे आपको शांति मिले। पूर्वाग्रह का त्याग कर खुद को मूल्यवान बनाइए। जब तक आपको अपनी शक्ति, सामर्थ्य और हुनर का ज्ञान नहीं होगा, लोग आपके स्वाभिमान, चरित्र और कमजोरी पर प्रहार कर चोट पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। खुद को मजबूत बनाकर ही सांसारिक विविधताओं के बीच सामंजस्य स्थापित कर सकते हैं। निरन्तर अडिग रहें, जो आपके व्यक्तित्व के विकास में सहायक हैं, उन बातों के लिए। आत्मविश्वास के साथ निर्णय लीजिए और हमेशा आशावादी बनकर कार्य कीजिए। समय के साथ जो बदलाव होता है, उसे स्वीकार कीजिए, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहें…। आत्मविश्वास अपने आप पर विश्वास करने व अपनी कमियों को ताकत में बदलने की अद्भुत क्षमता है। यह जीवन की चुनौतियों का सामना करने, अपने सपनों को पूरा करने, और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अत्यंत जरूरी है। आत्मविश्वास के साथ, आप अपनी गलतियों से सीखते हैं, अपने लक्ष्यों के लिए निरंतर काम करते हैं, और जिन्दगी के उतार-चढ़ावों का सामना हिम्मत और साहस के साथ करते हैं। ये आपको अपने आप पर विश्वास करने, अपने निर्णयों पर कायम रहने, और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
विशेष सन्देश:
यथार्थ’ से भागने के बजाय उसे शब्दों में ढालना आपको मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। आप का अभ्यास कर वर्तमान में जीना सीख सकते हैं।
————————————







