सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम,
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
भविष्य की चिंता छोड़कर वर्तमान का आनंद लेना!
– सुश्री सरोज कंसारी
———————————-
आज में रहने का महत्व! जब हम वर्तमान में जीते हैं, तभी हम जीवन का सच्चा आनंद ले पाते हैं। भविष्य की चिंता अथवा अतीत के ग़म में उलझने से हम वर्तमान को खो देते हैं। आज में रहना अर्थात् – प्रत्येक क्षण को जीना, प्रत्येक अनुभव को महसूस करना, तथा हर रिश्ते को दिल से अपनाना। जब हम वर्तमान में होते हैं, तो हमारा मन शांत रहता है, और हम जीवन की छोटी-छोटी खुशियों को महसूस कर पाते हैं। हम अपने आसपास के लोगों को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं, और उनके साथ अपने रिश्तों को मजबूत बना पाते हैं।
आज में रहने से हम अपने लक्ष्यों पर फोकस कर पाते हैं, और अपने जीवन को एक दिशा दे पाते हैं। यह हमें आत्म-विकास का अवसर भी देता है, और हम अपने जीवन को अधिक अर्थपूर्ण बना पाते हैं। हम अपने डर और अनिश्चितताओं को दूर कर पाते हैं, और अपने सपनों की ओर बढ़ पाते हैं। जीवन अनिश्चित है, व हमको प्रत्येक क्षण को महत्व देना चाहिए। न तो किसी के लिए रुकना चाहिए और न ही किसी के लिए अपनी खुशियों को रोकना चाहिए। बस, अपने दिल की सुनें, और अपने सपनों की ओर बढ़ें। आज में रहने से हम अपने जीवन को एक नया अर्थ दे पाते हैं, और हम अपने आप को अधिक खुश और संतुष्ट महसूस करते हैं।
जीवन अपनी गति में बहता है, हम अपनी ख्वाहिशों के साथ सफर करते हैं। सुबह से रात के बीच बहुत सी अधूरी कहानियाँ होती हैं, जिन्हें पूर्ण करने की एक चाहत होती है। आँखों में सपने, दिल में प्यार, मन में उत्साह होता है। जीवन की जिम्मेदारियों के साथ ही हम विभिन्न द्वन्दों से घिरे होते हैं।
समय के साथ सब कुछ घटित होता है। हम देखते हैं, सुनते हैं, कुछ प्रतिक्रियाएँ देते हैं, कल्पनाएँ करते हैं, पर,होता वहीं है जो होना है। समय रुकता नहीं, धीरे-धीरे बदलाव होता है। कुछ हम खो देते हैं, कहीं रुक जाते हैं, कभी आगे बढ़ जाते हैं। पर जो जीवन के लिए… असीम इच्छाएँ पालकर रखे होते हैं, उसके विपरीत बहुत कुछ होता है।
सोच का एक सागर होता है हमारे पास, जिसमें तिनका-तिनका खुशियाँ मिलती हैं। कल जो हो गया, अगर उसे भूल नहीं पा रहे तो सबक लेकर आगे बढ़ते चलें। कोई नहीं रुकेगा आपके लिए, सभी अपनी मंजिल की ओर चल रहे हैं। आप किसी का इंतजार मत कीजिए। जीवन में आरंभ के साथ ही अंत होना निश्चित हो जाता है, इसलिए आज के महत्व को समझिए।
अनावश्यक बातों का बोझ न उतार पाने से तकलीफ होती है। भ्रम से निकलकर हकीकत का आनंद लीजिए। चाहे दुख मिले या सुख, सब आपके हैं। दोनों ही स्थिति में शांति, संयम, साहस, धैर्य और दृढ़ता रखिए।
कभी अधिक पाकर काम, क्रोध, मद, माया, भोग-विलास में मत डूब जाना व सब-कुछ खोकर मायूस मत रहना। कोई भी चीज एक जगह स्थिर नहीं। आज उसकी तो कल आपकी बारी, सबको मौत ही मंज़िल है। जीवन के हर एक क्षण का दिल से स्वागत कीजिए।
जब हम बहुत दूर की सोचते हैं और आज को महत्व नहीं देते, तो बहुत बड़ी भूल करते हैं। सभी के हिस्से की अपनी जिंदगी होती है। अपने अनुसार वो तय करते हैं, सभी की प्राथमिकता अपने सुख और स्वार्थ में होती है। आप किसी के विषय में अपने अनुसार कल्पनाएँ मत कीजिए। अंदर किसी की गहराई में क्या पल रहा है, आप नहीं जानते। बाहर के बर्ताव से ही किसी पर आँख बंद कर यकीन मत कीजिए। बस खुद का सही मूल्यांकन कीजिए। हर पल को जी लीजिए, जीवन में जो मिला है उसे दिल की गहराई से प्यार करें। किसी से धोखा मत कीजिए, निभाइए हर रिश्ते को बिना किसी स्वार्थ के। जीवन के हर पल में कुछ सपने, उद्देश्य और अच्छी सोच लेकर चलें। …अपनी दिशा की ओर। चाहे कितनी भी रुकावटें हों, पीछे मुड़कर मत देखना। उस तरफ जहाँ से आपको दर्द मिला। भूलकर सारे गम, आज के हो जाइए। भविष्य के प्रति चिंतित होकर बेचैनी पालकर मत रखें। ये ज़िन्दगी को मंजिल नहीं, एक अनवरत यात्रा मानो, और हर क्षण को जी भर के जीओ।
_______________________________







