सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लोकार्पण समारोह सम्पन्न।


ऊखीमठः मद्महेश्वर घाटी के अन्तर्गत राजकीय इंटर कॉलेज राऊंलैक में राज्य योजना के तहत 84.76 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण समारोह भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
लोकार्पण समारोह में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए नवनिर्मित कक्षाओं का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। लोकार्पण समारोह में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, पूर्व सदस्य विनोद राणा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लोक संस्कृति से ओतप्रोत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। गढ़वाली, कुमाऊंनी गीतों एवं नृत्यों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य माहेश्वर दत्त त्रिवेदी व विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, जिससे शिक्षण कार्य अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान नीमा देवी व संचालन लक्ष्मी कांत काण्डपाल द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रधान उनियाणा बिशाम्वरी देवी, प्रधानाचार्य जी आई सी रासी कमल सिंह नेगी, पी टी ए अध्यक्ष प्रेम सिंह, गजपाल सिंह, आनन्द सिंह नेगी, रेखा देवी, महिपाल सिंह नेगी, विजेन्द्र सिंह कण्डारी, राकेश नौटियाल, कंचन सिंह नेगी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, एम एस रावत, वन्दना, सोहन, मंजू देवी सहित जनप्रतिनिधि, अभिभावक, स्थानीय ग्रामीण, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








