संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
महिला आरक्षण बिल विरोध पर व्यापार संगठन ने सौंपा ज्ञापन
“नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के विरोध की कड़ी निंदा, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
कन्नौज: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन (रजि.) ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। संगठन ने महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाले दलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे महिला विरोधी मानसिकता करार दिया है। इस संबंध में संगठन द्वारा महामहिम राज्यपाल को संबोधित निंदा प्रस्ताव जिलाधिकारी कन्नौज के माध्यम से भेजा गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश अग्रवाल , प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल तथा प्रदेश महामंत्री ब्रजेश शुक्ला के नेतृत्व में जारी प्रस्ताव में कहा गया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत भागीदारी देकर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में मजबूत स्थान दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम है। संगठन ने कहा कि यह कानून केवल महिला आरक्षण नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम है।
प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि इंडी गठबंधन के दलों द्वारा महिला आरक्षण बिल का विरोध करना महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति असंवेदनशीलता दर्शाता है। संगठन ने कहा कि महिलाओं के अधिकार किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार हैं। जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी देश और समाज मजबूत होगा।
जिला अध्यक्ष आनन्द गुप्ता और जिला महामंत्री आशीष वर्मा ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने, जागरूकता अभियान चलाने और मजबूत निगरानी तंत्र स्थापित करने की मांग की।
व्यापार संगठन ने प्रदेशवासियों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से नारी सशक्तिकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि “सशक्त नारी, सशक्त राष्ट्र” ही देश की उन्नति का मूल मंत्र है।







