सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख –
विनम्रता कमजोरी नहीं, महानता का प्रतीक है!
— सुश्री सरोज कंसारी
सत्संग और सेवा के बिना अहंकार कभी नहीं मिटता। जो विनम्र होकर झुकना सीख लेता है, ईश्वर की कृपा और ज्ञान का पात्र वही बनता है। याद रखिए, झुकना कमजोरी नहीं, आत्मा का उत्थान है।
=================================
झुकना हमारी कमज़ोरी नहीं, बल्कि हमारे संस्कार और विनम्रता को दर्शाता है। जो लोग सत्संग, मनन और सेवा से दूर रहते हैं, वे कभी नहीं झुकते। याद रखिए, जो झुकता है, वह जीवन में कुछ न कुछ ग्रहण करके (सीखकर) ही उठता है। झुक जाना भी एक शानदार हुनर है। झुकने से आत्मा परिष्कृत होती है। मनुष्य जन्म से मृत्यु तक रिश्तों की डोर में बंधा होता है। हर कदम पर अपनों के प्रेम और स्नेह की आवश्यकता पड़ती है। मन कभी शांत नहीं रहता। विचारों की उथल-पुथल चलती रहती है। कभी हम उसमें डूबते हैं, कभी उबरने का प्रयास करते हैं। जीवन में, कई ऐसे मोड़ आते हैं जहाँ समझौता करना जरूरी हो जाता है। कठोर हृदय लेकर जीवन गुजारना संभव नहीं। ये जिंदगी के विशाल सागर को पार करने और गम की मझधार से निकलने के लिए मुसीबत के तूफानों का सामना करना ही पड़ता है। प्रेमपूर्ण व्यवहार के बिना कोई भी व्यक्ति किसी के हृदय को स्पर्श नहीं कर सकता। कठोरता का चोला ओढ़कर अपनापन देना संभव नहीं। रिश्तों को सहेजने, संवारने और एकसूत्र में बांधने के लिए मोम बनकर कतरा-कतरा पिघलना पड़ता है।
रिश्ते-नातों के बिना मनुष्य के अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती। अपनों के साथ ही समाज और हर क्षेत्र में दायित्व निभाने के लिए भीड़ में रहकर बहुत कुछ सहना, सुनना और समझना पड़ता है। हर जगह अपने जैसे लोग नहीं मिलते। अनजान राह में, कभी-कभी अजनबियों को भी निभाना पड़ता है। इसके लिए सरल, सहज और सौम्य व्यवहार जरूरी है। आप भले ही कितने बड़े व्यक्तित्व के धनी या अपार धन-दौलत के मालिक हों, पर दुनिया की भीड़ में एक साधारण इंसान बनकर ही मानवता का परिचय देकर सफलता पा सकते हैं।
जीवन के सफर में, सकारात्मक और नकारात्मक दोनों परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। साथ रहते-कार्य करते हुए कभी-कभी लोगों का रवैया हमारे प्रति अव्यावहारिक भी हो जाता है। लेकिन किसी की बात पर उग्र होकर मन में, कड़वाहट भरते रहेंगे तो न कोई महान कार्य कर पाएंगे, न ही किसी कार्य में सफलता मिलेगी। हर व्यक्ति का व्यवहार और सोच एक-सी नहीं होती, बदलती रहती है। इसलिए गलतियों को माफ करना सीखें और गलती होने पर माफी मांगना भी सीखें।
मन की बंजर भूमि को अपने नम्र स्वभाव से सींचते रहें। हर रिश्ते में, प्रेम की नमी जरूरी है। झुक जाने से सब कुछ आसान हो जाता है। अकड़पन से हम तन्हाई के शिकार हो जाते हैं। गलती होना मानवीय प्रवृत्ति है। अगर आपसे जाने-अनजाने कोई गलती हो जाए तो हृदय की गहराइयों से माफी मांग लें। कई लोग झुकना अपनी शान के खिलाफ समझते हैं। भले ही इसके लिए अनमोल रिश्ते तोड़ दें, लेकिन यह मूर्खतापूर्ण सोच है। झुक जाना एक शानदार हुनर है।
झुकने से आत्मा परिष्कृत होती है। एक नई विचारशैली का जन्म होता है। नई ऊर्जा, स्नेह और प्रेम का संचार होता है। मन के दुर्गुण दूर होने से पवित्र भाव पनपते हैं जो एहसास को जिंदा रखते हैं। झुक जाने से सामने वाले के मन में आपके प्रति सम्मान बढ़ जाता है और रिश्ते पहले जैसे बने रहते हैं। अपनी गलती मान लेना और टूटते रिश्ते को बचा लेना, इससे बेहतर कोई काम नहीं। इसलिए हमेशा खुद को सामान्य बनाकर रखें। अकड़ इंसानियत की पहचान नहीं।
जिस तरह निर्जीव शरीर के पास कितना भी रो लें, बिलख लें, उसे फर्क नहीं पड़ता, वैसे ही कठोर और अकड़ वाले व्यक्ति में, मानवता, प्रेम, संवेदना और दया का स्थान नहीं होता। ऐसे व्यक्ति का कोई मोल नहीं। उनका जीवन व्यर्थ है जो किसी को माफ न कर सके। गलती करना बड़ी बात नहीं, उसे स्वीकार कर लेना महानता है।
जीवन-पथ पर कई विडंबनाओं का सामना करना पड़ता है। लोगों की अलग-अलग बातों और कार्यों से सामंजस्य बिठाना पड़ता है। हर मनुष्य की कार्यशैली और विचारधारा अलग होती है। हम जैसा सोचते हैं, वैसा ही हो, जरूरी नहीं। अलग माहौल और अजनबी लोगों के बीच कार्य करते हुए अक्सर भूल हो ही जाती है। लेकिन हमारी वजह से किसी को पीड़ा या तकलीफ हो, यह ठीक नहीं। जानबूझकर की गई गलती की सजा तो मिलती ही है।
मनुष्य-मन विचारों का विशाल समंदर है। इसकी गहराई में सद्व्यवहार के बेशकीमती मोती हैं। लेकिन कुछ लोग अपने इस अनमोल मोती को समय पर ढूंढ नहीं पाते या अज्ञानतावश उसका सदुपयोग नहीं कर पाते। जीवन-पथ पर चलते हुए कभी-कभी मन में नकारात्मक भावों का संग्रह बढ़ जाता है। न चाहते हुए भी परिस्थितिवश हम अवांछित व्यवहार कर बैठते हैं। छोटी-छोटी बातों का ध्यान न रखने पर इसका गंभीर प्रभाव जीवन पर पड़ता है।
जैसे, आप किसी कारण से दुखी हैं और कोई मदद मांगने आए तो आप उस पर चिड़चिड़ा जाते हैं, गुस्सा कर देते हैं। वह दुखी होकर लौट जाता है। जरा सोचिए! वह अपना दुख बांटने आया था, पर आपने व्यक्तिगत कारण से उसे दुत्कार दिया। उसे पता भी नहीं कि आप परेशान थे। यहीं से गलतफहमी शुरू होती है और अनर्थ होता है। हमारी जरा-सी नादानी से छवि धूमिल हो जाती है।
जहां अहम का भाव हो, वहां बर्बादी के किस्से शुरू हो जाते हैं। इसलिए सबसे उत्तम मार्ग है: क्षमा कर देना और मांग लेना। बिना गलती के कोई कार्य संभव नहीं। गलती से ही सुधार होता है। झुक जाने से हम छोटे नहीं होते, बल्कि कई विवाद हल हो जाते हैं। रूठे को मना लेना और उलझे को सुलझा देना जिसे आ गया, समझ लें उसे जीना आ गया। झुक जाने से बहुत कुछ खोने से बच जाता है और अकड़ से सब कुछ नष्ट हो जाता है। आइए, हृदय की गहराइयों से सारे गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करें। किसी के लिए बैर न पालें। मन के हर दूषित विचार को त्यागते रहें। आम दुनिया में झुकने को कमजोरी अथवा हार (आत्मसमर्पण) माना जाता है, पर अध्यात्म में झुकना स्वयं पर विजय पाना है। यह अहंकार के बंधनों से मुक्ति है, जिससे आत्मा का पतन नहीं बल्कि उसका उच्चतम उत्थान होगा।
——————————————————–







