लेखकः हरी राम यादव
सूबेदार मेजर (आनरेरी)
अयोध्या/लखनऊ
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
हवलदार मोहन सिंह राजपूत
सेना मेडल (मरणोपरांत)
एक सैनिक देश हित को सर्वोपरि मानता है और वह जीवन पर्यंत इस सर्वोपरि की भावना को आगे रखने का साहस भी रखता है। उसकी इस भावना में किसी भी तरह का स्वहित आड़े नहीं आता। अगर इस देश हित सर्वोपरि की भावना से टकराने के लिए बीच में मौत भी खड़ी होती है तो वह उससे भी टकराकर विजयी होने का साहस और दृढ संकल्प रखता है। यही भावना एक सैनिक को औरों से अलग करती है। चाहे परिस्थितियां कितनी भी विषम क्यों न हों, वह किन्तु परन्तु से अलग हटकर, उनका डटकर मुकाबला करता है और हर स्थिति में तिरंगा उसका आभूषण बनता है।
ऑपरेशन विजय के दौरान हवलदार मोहन सिंह राजपूत की यूनिट 5 पैरा विशेष बल को बटालिक सेक्टर में तैनात किया था। 5 पैरा विशेष बल की डेल्टा कंपनी को नियंत्रण रेखा के साथ लगती रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण एक गगनचुम्बी पहाड़ी जिसकी ऊंचाई लगभग 17000 फीट थी, को पाकिस्तानी घुसपैठयों मुक्त कराने की जिम्मेदारी सौंपी गयी। इस पहाड़ी पर पाकिस्तानी सेना कब्ज़ा जमा कर बैठी थी। आगे बढ़ने के लिए यह आवश्यक था कि घुसपैठयों को इस रिंग कंटूर से भगाया जाए । पाकिस्तानी सेना ने इस पहाड़ी को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए इस पर व्यापक रूप से माइनफील्ड बिछा रखी थी। हवलदार मोहन सिंह राजपूत अपनी यूनिट की रॉकेट लॉन्चर डिटैचमेंट के कमांडर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। पाकिस्तानी सेना को इस पहाड़ी से भगाने के लिए हवलदार मोहन सिंह राजपूत अपने साथियों के साथ आगे बढे । पाकिस्तानी सेना तीव्र गोलीबारी कर रही थी लेकिन उन्होंने उसकी कोई परवाह नहीं की और लक्ष्य का पीछा करते हुए वह अपने साथी सैनिकों के साथ आगे बढते रहे। इसी बीच पाकिस्तानी तोपखाने ने फायरिंग तेज कर दी, उनके नजदीक एक गोला आकर गिरा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घाव ज्यादा गहरा होने और तीव्र रक्तस्राव के करण वह वहीं पर वीरगति को प्राप्त हो गए। हवलदार मोहन सिंह राजपूत की नेतृत्व क्षमता, असाधारण साहस और वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से अलंकृत किया गया।
हवलदार मोहन सिंह राजपूत का जन्म 15 नवम्बर 1961 को जनपद आगरा के गांव उखर्रा में श्रीमती राम दुलारी और श्री फोंडा राम के यहाँ हुआ था। अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के पश्चात वह 09 अगस्त 1980 को सेना में भर्ती हो गए। प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात वह 02 मार्च 1982 को 5 पैरा विशेष बल में शामिल हुए। हवलदार मोहन सिंह राजपूत के परिवार में उनके दो पुत्र दिनेश राजपूत तथा रूपेश कुमार राजपूत और दो बेटियां – पूनम सिंह और अंजना सिंह हैं। उनकी पत्नी श्रीमती ओमवती का सन 2012 में निधन हो गया है। हवलदार मोहन सिंह राजपूत ने ऑपरेशन विजय के अलावा ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन ऑर्चिड और ऑपरेशन मेघदूत में उत्कृष्टता के साथ दुश्मन से दो दो हाथ किए हैं। वह अपनी कंपनी में अपने साहस और नेतृत्व क्षमता के लिए प्रसिद्ध थे।
हवलदार मोहन सिंह राजपूत की वीरता और बलिदान की याद में उनके पैतृक गांव उखर्रा में एक शहीद स्थल का निर्माण किया गया है।
हमारे देश में जब कोई सैनिक वीरगति को प्राप्त हो जाता है तब लम्बे लम्बे वादे करने वालों की कतार लग जाती है। जन प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी खूब वादे करते हैं लेकिन वही लोग कुछ दिनों के पश्चात उस परिवार को पहचानते तक नहीं। हवलदार मोहन सिंह राजपूत की पत्नी श्रीमती ओमवती के निधन को 14 वर्ष हो गए हैं लेकिन अभी तक उनकी बेटी की पेंशन शुरू नहीं हो पायी है, जो कि काफी सोचनीय विषय है। क्या हमारे प्रदेश में वीरों का यही सम्मान है ? उनके परिजनों का कहना है कि हवलदार मोहन सिंह राजपूत के नाम पर उनके गांव में एक स्मृति द्वार बनवाया जाना चाहिए और उनके नाम पर बने शहीद स्थल के रख रखाव की व्यवस्था सही होना चाहिए।







