संजय सोंधी
(संयुक्त निदेशक)
शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जब मास्टर जी बने ‘इंफ्लुएंसर’ और क्लासरूम बना ‘रील स्टूडियो’।
एक जमाना हुआ करता था जब स्कूल का नाम सुनते ही बच्चों के पेट में अचानक एक अज्ञात और रहस्यमयी दर्द उठ जाया करता था। मास्टर जी के हाथ का डंडा और उनकी कड़क आवाज ही अनुशासन की परिभाषा हुआ करती थी। लेकिन आज का दौर बदल चुका है! अब मास्टर जी ‘गुरु’ कम और ‘कंटेंट क्रिएटर’ ज्दाया नजर आते हैं। अब क्लासरूम में ‘साइलेंस प्लीज’ की जगह ‘लाइक, शेयर और सब्सक्राइब’ की गूंज सुनाई देती है। मास्टर जी का मुख्य उद्देश्य अब बच्चों को पास कराना नहीं, बल्कि अपनी रील को ट्रेंडिंग सेक्शन में पहुंचाना है।
जरा कल्पना कीजिए, गणित की क्लास चल रही है और मास्टर जी बोर्ड पर न्यूटन के नियम या द्विघात समीकरण समझाने के लिए चौक उठाने के बजाय फोन उठाकर ट्रिपॉड पर सेट कर रहे हैं। फिर बैकग्राउंड में कोई वायरल भोजपुरी गाना या ट्रेंडिंग ऑडियो बजता है और मास्टर जी ठुमके लगाते हुए बताते हैं कि x का मान कैसे निकाला जाए। अब छात्र भी बड़े असमंजस में हैं कि मास्टर जी के स्टेप्स याद रखें या गणित का फॉर्मूला। अगर किसी बच्चे ने हिम्मत करके पूछ लिया कि “सर, यह सवाल समझ नहीं आया,” तो मास्टर जी मुस्कुराकर कहते हैं, “बेटा, कमेंट सेक्शन में लिख दो, अगली रील में इसका डाउट क्लियरिंग सेशन रख लेंगे!”
आजकल के ‘कूल टीचर’ रात को ग्यारह बजे इंस्टाग्राम पर लाइव आते हैं ताकि बोर्ड परीक्षा के बच्चों को ‘रियल टॉक’ दे सकें। अब बच्चे रात को पढ़ाई कर रहे हों या न कर रहे हों, लेकिन मास्टर जी के लाइव में हार्ट वाले इमोजी जरूर भेज रहे होते हैं। स्टाफरूम, जो कभी शिक्षकों के लिए चाय पीने और कॉपी जांचने की शांत जगह हुआ करता था, अब ‘बिहाइंड द सीन्स’ शूटिंग जोन बन चुका है। चाय के कप हाथ में लिए मास्टर जी और मैडम जी मिलकर ‘ट्रेंडिंग डांस चैलेंज’ कर रहे हैं और कैप्शन लिखा जा रहा है कि “स्कूल अब बोरिंग नहीं रहा।”
इस चक्कर में पढ़ाई का क्या हाल हो रहा है, यह तो भगवान ही जाने या फिर रिजल्ट के दिन रिजल्ट कार्ड जाने। पहले बच्चे मास्टर जी से छिपकर घूमते थे कि कहीं कोई डांट न पड़ जाए, लेकिन आज मास्टर जी बच्चों के डीएम में रिप्लाई कर रहे हैं और पूछ रहे हैं कि “कल कौन से ऑडियो पर रील बनाएं?” बात सिर्फ मनोरंजन तक सीमित होती तो ठीक था, लेकिन जब गुरुजी खुद फॉलोअर्स की दौड़ में दौड़ने लगें, तो सीमाएं धुंधली होने लगती हैं। गुरु और शिष्य का वो मर्यादा वाला रिश्ता अब ‘फॉलोअर’ और ‘कंटेंट क्रिएटर’ में बदलता जा रहा है।
माता-पिता भी आजकल हैरान-परेशान हैं। वे सोचते हैं कि बच्चे को ट्यूशन और स्कूल इसलिए भेजा था कि वो अफसर या इंजीनियर बने, लेकिन घर आकर बच्चा कहता है, “पापा, आज हमारे सर की रील पर एक मिलियन व्यूज आ गए!“ अब बापू सोच में पड़ गए हैं कि बेटे की फीस भर रहे हैं या मास्टर जी के चैनल का स्पॉन्सरशिप फंड दे रहे हैं।
मास्टर जी की इस ‘कूल’ बनने की होड़ ने पढ़ाई को एक बड़ा कॉमेडी शो बना दिया है। एल्गोरिदम के इस जमाने में मास्टर जी शायद यह भूल गए हैं कि व्यूज और लाइक्स से भले ही डिजिटल दुनिया में वाह-वाही मिल जाए, लेकिन बोर्ड की मार्कशीट में जब ‘सप्लीमेंट्री’ लिखा आता है, तो कोई वायरल रील उसे पास नहीं करवा सकती। इसलिए, हे आधुनिक युग के मास्टर जी! थोड़ा चौक-डस्टर पर भी ध्यान दे लीजिए, कहीं ऐसा न हो कि आपकी रील तो हिट हो जाए, लेकिन बच्चों का भविष्य फ्लॉप हो जाए।







