सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
“जिंदगी को और बेहतर और खुशनुमा बनाते चले जाना”
– सुश्री सरोज कंसारी
=========================
सहजता से स्वीकार करना चाहिए। यह ज़िंदगी है, जीवन को बोझ समझकर ‘काटना’ नहीं है, बल्कि एक उपहार समझकर ‘जीना’ चाहिए। सब कुछ अचानक से होता है और देखते ही बहुत कुछ बदल जाता है। कभी-कभी हम बेवजह इस दिल-दिमाग में भय भर लेते हैं और उस बात को सोचकर परेशान होते हैं जो हुई ही नहीं। बस, “हो सकता है ऐसा हो गया तो क्या होगा, कैसे होगा?” — इसी प्रश्न में उलझे रहते हैं और किसी से कह भी नहीं पाते। उस वक्त मन-मस्तिष्क अशांत होता है तो हम असमर्थ हो जाते हैं कुछ भी व्यक्त करने में। हम शारीरिक-मानसिक रूप से पीड़ित हो जाते हैं और उस पल, लोगों और स्थान का आनंद नहीं ले पाते। जो हमारे पास है उसे भी धीरे-धीरे खो देते हैं। सच है, जो कमजोर और संकोची होते हैं, जिनमें आत्मविश्वास और साहस नहीं होता, वे जल्द ही घबरा जाते हैं। जरा सी बात को लेकर व्याकुल हो जाते हैं।…जिंदगी है तो कहीं गम की आंधी और कहीं खुशियों की बरसात होती ही रहती है। पर जब हम सदैव सुख-सुविधा की कल्पना करते हैं तब मानसिकता विचलित हो जाती है। जीवन एक सफर ही तो है, जहाँ हर पग पर कई मोड़ आते हैं, लोग मिलते हैं और बिछड़ते हैं। कुछ बातों को नजरअंदाज करना जरूरी होता है। लेकिन जब हम हर बात को बहुत गंभीरता से लेते हैं, अक्सर भीड़ से घबराते हैं और एकांत को ही चुनते हैं, तब जल्द ही बिखर जाते हैं। क्योंकि हम दुनिया की भीड़ में रहते हैं और वहीं से हमारे जीवन का निर्वाह होता है। कुछ खट्टी-मीठी यादें, बातें और लोगों के साथ कभी मुस्कुराते हैं, तो कभी दर्द से भर जाते हैं। सब कुछ अचानक होता है, हम जब तक समझते हैं, बहुत कुछ बदल चुका होता है। हमारे वश में कुछ नहीं होता, जीवन-चक्र चलता रहता है। कब प्रलय और कब सृजन होना है, यह विधाता का ही लेख है। लेकिन जब हम हर छोटी बात में तनाव लेते हैं, तब अपने इस पल को भी बर्बाद कर देते हैं। हमारे आसपास, परिवार, समाज और इस संसार में बहुत-सी विचित्र घटनाएँ और बातें होती रहती हैं। भूलना, कुछ सुनना और सहज होना जरूरी है। अपनी क्षमता के अनुसार ही कार्य-व्यवहार करना चाहिए। जब हम जरूरत से ज़्यादा करने की सोच लेते हैं तो वह हानिकारक ही होती है। जितना हम संभाल पाएँ, उतना ही रखें। चाहे लोग हों, दौलत, रिश्ते-नाते, मित्र या कोई भी चीज — जो हमारे नियंत्रण से बाहर है, उससे जबरदस्ती चिपकना उचित नहीं। देखभाल के अभाव में वे धीरे-धीरे नष्ट होने लगते हैं। जो है, उसे उसके अनुकूल वातावरण देना जरूरी है। कोई भी चीज़ एक जगह पड़ी रहे और बहुत दिनों तक उसका उपयोग न हो तो उसमें जंग लग जाती है। लेकिन हम यही बात नहीं समझ पाते। बस जो है उसे अनदेखा कर बहुत कुछ बटोरना और पाना चाहते हैं, यह जाने बिना कि क्या हम उसे समय दे पाएँगे? उतना ही सोचें, चलें और व्यवहार करें जिसे हम सँभाल सकें, निभा सकें। क्योंकि हम इंसान हैं, भावनाओं से भरे होते हैं। इस नाज़ुक मन पर हर स्थिति का असर होना स्वाभाविक है। बस कमजोर होकर इस संसार का सामना नहीं कर सकते, कभी कठोर भी होना पड़ता है। कुछ प्रिय को खोना होता है और कुछ पाना। हम जैसे हैं वैसे ही नहीं रह सकते, पल-पल में हमारी ज़रूरत बदलती है। जैसी परिस्थिति बनती है, वैसे ही हमें ढलना होता है। जब हम किसी हालात को अपना नहीं पाते, तभी व्याकुल होते हैं। जिंदगी हर वक्त हमारी पसंद से हमें मिला देती तो क्या बात थी! जीवन की राह में कठिनाइयाँ भी आती हैं। कई अपने होते हैं, वहीं अजनबी चेहरे भी मिलते हैं। जिन्हें न हम जानते हैं, न उनकी मानसिकता समझ पाते हैं। जीवन में विपरीत स्थिति का होना भी जरूरी है, क्योंकि उसी वक्त हम सही मायने में समझते हैं — कैसे-कैसे लोग रहते हैं, किसकी नीयत क्या है, कौन मित्र है और कौन शत्रु। जीवन के विभिन्न रूप होते हैं, जहाँ रहकर हर पग पर हमें मानसिक संतुलन बनाए रखना पड़ता है। कहीं शांत होना पड़ता है, तो कहीं अपनी बात कहना भी जरूरी होता है। जब तक जीवित हैं, कोई न कोई कहानी बनती और बिगड़ती रहेगी, पूर्ण नहीं होगी। हम बस अधूरे ही रहते हैं जीवन की अंतिम अवस्था तक, कुछ ख्वाहिशें बाकी ही रह जाती हैं। क्योंकि हम मोह-माया में जन्म लेते हैं और उसी के लिए भागते-दौड़ते जिंदगी निकल जाती है। कभी ईश्वर के प्रति उतने समर्पित नहीं हो पाते, सच्ची श्रद्धा-भक्ति और आस्था नहीं रख पाते। मांगते तो भगवान से बहुत कुछ हैं, लेकिन जीवन में श्रेष्ठता, सरलता और सादगी को नहीं अपना पाते। बस भोग-विलास, मौज-मस्ती में ही जीवन व्यतीत करते हैं। संयम-मर्यादा और संस्कार का पालन भूल जाते हैं। बहुत जल्द क्रोधित होते हैं, धैर्य खो देते हैं। मन में ईर्ष्या-द्वेष, बैर-झूठ, छल-कपट लेकर चलते हैं और दूसरों में कमी निकालते हैं। दूसरों के जीवन में बाधा पहुँचाकर, उनका सुख-चैन छीनकर, हम खुद के लिए शांति की तलाश करते हैं। सुकून के लिए भटकते हैं। यह भूल जाते हैं कि जो पास हैं — पारिवारिक रिश्ते-नाते, माता-पिता, बड़े-बुजुर्ग, भाई-बहन — उनका आदर-सम्मान, सेवा-ज़िम्मेदारी, प्रेम-सहयोग दिए बिना और उनका आशीर्वाद लिए बिना कहीं भी तरक्की नहीं पा सकते। अगर हम चलेंगे नहीं, सक्रिय नहीं रहेंगे, किसी काम में लगन, मेहनत और रुचि नहीं रखेंगे तो निष्क्रिय हो जाएँगे। संघर्ष नहीं करेंगे तो ठोकर खाकर संभलेंगे कैसे? जीवित होकर एक जगह स्थिर हो जाना, चुप बैठ जाना संभव नहीं। जब मुसीबत का सामना करते हैं, उपेक्षित, अपमानित और असफल होते हैं, भटकते हैं, दर्द सहते हैं, तब हम होश में आते हैं। जीवन का सही अर्थ समझ पाते हैं और नए सिरे से ज़िंदगी की शुरुआत कर पाते हैं। जब तक नादान-मासूम, भोले, सीधे-सच्चे और व्यवहारिक होते हैं, तब तक हम षड्यंत्र को नहीं जान पाते और धोखा खाते हैं। जब तक अपनो का साया-सहारा मिलता है, हम जीना नहीं सीख पाते। दूसरों पर निर्भर होकर हम खुद कोशिश नहीं करते, बस उनके पीछे चलते हैं। बस सुख में जीने की आदत हो जाती है। जैसे ही हम अकेले होते हैं, अपनो का साथ नहीं मिलता, वे हमेशा के लिए दूर हो जाते हैं, तब पता चलता है कि दुख क्या है, जिंम्मेदारी किसे कहते हैं, इस अजनबी दुनिया में कितनी ठोकरें मिलती हैं। हकीकत का सामना किए बिना हम भ्रमित ही रहते हैं। इसलिए जो हैं उन्हें समझिए, दुत्कारिए मत। आगे क्या होगा, कैसे जिएँगे, सुख में रहेंगे कि नहीं — इसकी बहुत दूर की मत सोचिए। बस जो आज है, जो साथ है, उसे साथ लेकर चलिए। जो है उसके साथ खुश रहिए।
कविता:
”कठिनाई भी मुस्कुराकर अपनाना,
जीवन में तुम बस चलते जाना।
यही है जीवन की परिभाषा,
इसे तुम पूरी तरह निभाते जाना।”
जितना हो सके, अपने इस पल में जागरूक रहिए। परिस्थितियों के आगे घुटने टेकने के बजाय, मुस्कुराकर आगे बढ़ते रहना ही मनुष्य की वास्तविक जीत है।
======================







